
मोटरसाइकिल की पेट्रोल टंकी में छुपा अफीम का 7.5 किलो दूध जब्त
जोधपुर.
नारकोटिक्स कन्ट्रोल ब्यूरो ने जालोर जिले में सायला तहसील के बावंतरा गांव में विद्यालय के पास मोटरसाइकिल की पेट्रोल टंकी में छुपा अफीम का ७.५ किलो दूध जब्त कर तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इनसे २९८१० रुपए व एक एसयूवी कार भी जब्त की गई।
एनसीबी के क्षेत्रीय निदेशक विजेन्द्रसिंह के अनुसार सायला में मोटरसाइकिल पर अफीम के दूध की खेप आने की सूचना मिली। ब्यूरो की टीम ने संदिग्ध मोटरसाइकिल की तलाश शुरू की। सायला तहसील के बावंतरा गांव के उगमणावास ओरण में राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोक लिया गया। चालक से पूछताछ कर तलाशी ली गई, लेकिन कोई भी संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। सूचना पुख्ता होने पर ब्यूरो की टीम ने फिर से तलाशी ली। सघन तलाशी लेने पर पावर बाइक की पेट्रोल टंकी के नीचे बनाए गोपनीय (कैविटी) स्थान में पॉलिथीन बैग में छुपा अफीम का ७.५ किलो दूध जब्त किया गया। एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर मोटरसाइकिल चालक और एसयूवी में माल की आपूर्ति लेने आए दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों युवकों से २९८१० रुपए भी जब्त किए गए।
नीमच से सायला में देनी थी आपूर्ति
ब्यूरो ने मोटरसाइकिल चालक लूनी तहसील में धवा गांव निवासी रावताराम पुत्र पप्पाराम बिश्नोई और अफीम का दूध लेने आए बागोड़ा (जालोर) में नयाखेड़ा निवासी मेसाराम पुत्र बबराराम देवासी व उसके सहयोगी का नाम सायला में तरड़ों की ढाणी निवासी कूपाराम पुत्र जोधाराम देवासी को गिरफ्तार किया। इन्हें बुधवार को कोर्ट में पेश करने पर रिमाण्ड पर भेजने के आदेश दिए गए। आरोपी रावताराम मध्यप्रदेश के नीमच से मादक पदार्थ लेकर आया था। वह मोटरसाइकिल पर अफीम की
सप्लाई करने सायला जा रहा था।
Published on:
08 Jan 2020 07:32 pm
