
भामाशाहों के सहयोग से जोधपुर में स्थापित होगा 800 एलपीएम का ऑक्सीजन प्लांट
जोधपुर।
जोधपुर श्वास बैंक (जोधपुर ब्रीथ बैंक) अब शहर में ऑक्सीजन प्लांट भी स्थापित करेगा। ब्रीथ बैंक के भामाशाहें ने 500 ऑक्सीजन कॉन्सन्ट्रेटर मशीनों के माध्यम शहर को ऑक्सीजन की दृष्टि से आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य ले रखा है। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए अब जोधपुर ब्रीथ बैंक ने 50 क्यूबिक मीटर प्रति घंटा क्षमता वाले जर्मन तकनीक के विशाल ऑक्सीजन प्लांट का ऑर्डर किया है, जो आगामी 22 मई तक जोधपुर में स्थापित हो जाएगा।
इस ऑक्सीजन प्लांट की क्षमता 170 ऑक्सीजन सिलेंडर प्रतिदिन है। यह ऑक्सीजन प्लांट 800 लीटर प्रति मिनट की दर से ऑक्सीजन उत्सर्जित करेगा। इस प्लांट के बाद जोधपुरवासियों को काफी राहत मिलेगी। इससे सरकारी अस्पताल में 200 नए ऑक्सीजन बैड स्थापित हो पाएंगे। ब्रीथ बैंक से जुड़े भामाशाह विष्णु गोयल, श्रीपाल लोढ़ा, सुरेश गांधी, हरीश अग्रवाल, बलवीर जैन तथा निर्मल गहलोत ने मिलकर 1 करोड़ रुपए की लागत वाले इस ऑक्सीजन प्लांट को जोधपुर में स्थापित करने की पहल की है। भामाशाहों ने जोधपुर कलक्टर इंद्रजीत सिंह से मुलाक़ात कर उन्हें ऑक्सीजन प्लांट की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने भारत का पहला ब्रीथ बैंक जोधपुर में स्थापित करने पर सभी सदस्यों को बधाई दी। जोधपुर की अपणायत की भी तारीफ़ की।
Published on:
02 May 2021 06:04 pm
