
कॉस्ट एकाउटेंट परीक्षा में जोधपुर के 9 छात्र-छात्राएं देश भर में टॉपर
जोधपुर. दी इंस्टीट्यूट ऑफ़ कॉस्ट एकाउंटेंट्स ऑफ़ इंडिया (आईसीएमएआई) ने बीती रात कॉस्ट एकाउटेंट (सीएमए) फाइनल व इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया। जोधपुर ने इस बार रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन करते हुए एक साथ 9 मैरिट प्राप्त की। सीएमए फाइनल ईयर में 5 विद्यार्थी और इंटरमीडिएट में 4 विद्यार्थी देश भर में अव्वल रहे। फाइनल में मुस्कान बियानी ने देशभर में 13वां, हनिशा समदडिय़ा ने 14वां, नेहा रंगा ने 23वां, रोहित प्रजापत ने 48वां और सुमित अटट्ल ने 49वां स्थान प्राप्त किया। कॉस्ट एकाउंटेंट्स इंटरमीडिएट में जोधपुर चैप्टर की रक्षा छाजेड़ ने संपूर्ण भारत में 6वां, कृति अरोड़ा ने 9वा और नेहल फोफलिया व खुशबु गोलेच्छा ने संयुक्त रूप से 33वां स्थान प्राप्त किया।
क्या कहते हैं टॉपर
कॉस्ट एकाउंटेंट्स फाइनल ईयर में 13वां स्थान प्राप्त करने वाली मुस्कान ने बताया कि वह आगे चलकर चार्टर्ड एकाउंटेंट बनेंगी और प्रेक्टिस को प्रीफर करेंगी। मुस्कान ने 800 में से 666 अंक हासिल किए। हनिशा समय का सदुपयोग और नेहा लगाातर प्रयास व उम्मीद को सफलता का राज मानती है। रोहित व सुमित परिवारजनों के साथ चेप्टर के सहयोग को अपनी सफलता बताते हैं। इंटरमीडिएट में देश में छठा स्थान हासिल करने वाली रक्षा छाजेड़ कड़ी मेहनत व लगन को सफलता का मूल मंत्र मानती है। कृति पिछले महीने कम्पनी सचिव भी बन गई। नेहल और खुशबू ने विद्यार्थियों को बगैर रुके आगे बढ़ते रहने की सलाह दी।
देश का रिजल्ट 50 प्रतिशत, जोधपुर का 93 प्रतिशत
आईसीएमएआई के जोधपुर चेप्टर अध्यक्ष केके व्यास और सचिव दीपक चोपडा ने बताया कि इस बार जोधपुर चेप्टर का कॉस्ट एकाउंटेंट्स फाइनल का परिणाम 93.24 प्रतिशत रहा। जोधपुर से परीक्षा में बैठे 74 विद्यार्थियों में से 69 पास हुए, जबकि ऑल इंडिया रिजल्ट पचास प्रतिशत के पास रहा। कॉस्ट एकाउंटेंट इंटरमीडिएट का परिणाम 66.12 प्रतिशत रहा। परीक्षा में बैठे 183 विद्यार्थियों में से 121 पास हुए। कुछ दिनों पहले घोषित कॉस्ट एकाउंटेंट्स फाउंडेशन का परीक्षा परिणाम भी 82.69 प्रतिशत रहा है।
मैरिट में आने वाले सभी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
कॉस्ट एकाउंटेंट्स जोधपुर चेप्टर का बेहतर परिणाम रहने पर जोधपुर चेप्टर की ओर से फाउंडेशन, इंटरमीडिएट और फाइनल के टॉप तीन छात्रों को मोमेंटो और अन्य सभी उत्तीर्ण छात्रों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। सभी विद्यार्थियों ने चैप्टर द्वारा नि:शुल्क प्रदान की जाने वाली कोचिंग की सराहना की। सम्मान समारोह में उपाध्यक्ष अनिल माहेश्वरी, योगेश मोदी, बीएम बियानी, प्रफुल्ल मोहनोत, कपिल व्यास सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
Published on:
31 Mar 2021 08:13 pm
