
पुत्र संग वॉक कर रही महिला के गले से सोने की चेन लूटी
जोधपुर.
महामंदिर थानान्तर्गत पावटा सी रोड पर ज्वैलरी शोरूम के पास मोटरसाइकिल सवार हेलमेट पहने दो लुटेरों ने वॉक कर रही महिला के गले से डेढ़ तोला सोने की चेन लूट ली। दोनों लुटेरों का पता नहीं लग पाया।
पुलिस के अनुसार बीजेएस कॉलोनी में हनवंत ए निवासी रीना पत्नी नवीन कुमार अग्रवाल अपने पुत्र के साथ बुधवार रात घूमने के लिए घर से निकले। मां-पुत्र मटकी चौराहा से पावटा सी रोड और फिर बालाजी मंदिर तक आए। मंदिर से दोनों घर की तरफ लौटने लगे। आभूषण की एक दुकान के पास पहुंचे तो सामने मोटरसाइकिल सवार दो युवक खड़े दिखाई दिए। दोनों ने हेलमेट पहने हुए थे। मां-पुत्र को देख दोनों युवकों ने हेलमेट के कांच नीचे कर दिए। एक युवक ने बाइक स्टार्ट की। महिला व उसका पुत्र बाइक के पास पहुंचे। तब एक युवक ने महिला के गले में झपट्टा मारा और डेढ़ तोला सोने की चेन लूट ली। फिर बाइक के पीछे बैठ दोनों लुटेरे आकाशवाणी की तरफ भाग निकले। जिसकी वजह से महिला दोनों का हुलिया नहीं देख पाई। महिला व उसका पुत्र तुरंत-फुरत में घर पहुंचे और पूरी जानकारी दी। पुलिस भी वारदातस्थल पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल लुटेरों का सुराग नहीं लग पाया। महिला की तरफ से लूट का मामला दर्ज कराया गया।
Published on:
08 Oct 2021 12:36 am
