
तेज रफ्तार कार चौराहे से मुड़ कार से टकराई
जोधपुर.
१२वीं रोड चौराहे पर गुरुवार रात १.३५ बजे तेज रफ्तार व लापरवाही से आ रही एक कार चौराहे से मुड़ रही कार के साइड वाले हिस्से में बीचों-बीच जा टकराई। तेज रफ्तार कार में सवार तीन युवकों के चोटें आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाड़मेर नम्बर की एक कार रात करीब डेढ़ बोम्बे मोटर्स सर्किल से १२वीं रोड की तरफ आ रही थी। उसमें चार युवक सवार थे। कार बहुत तेज रफ्तार में थी। इस कार के १२वीं रोड चौराहा पहुंचते ही पाल रोड की तरफ से रेजिडेंसी रोड की मुड़ रही एक अन्य कार से भिड़ंत हो गई। दोनों कारों के एयर बैग खुल गए। बाड़मेर नम्बर वाली कार में सवार तीन युवकों के चोटें आईं।
बाड़मेर नम्बर कार की रफ्तार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वो घूम कर उसी दिशा में खड़ी हो गई। जिधर से आ रही थी। दूसरी वाली कार की दिशा बदल गई। पास ही बस स्टैण्ड पर मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए। चंद ही क्षणों में देवनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। बाद में सरदारपुरा व शास्त्रीनगर थाना पुलिस को भी बुला लिया गया।
उधर, हादसे में चोटिल तीनों युवकों को नजदीक स्थित अस्पताल भेज दिया गया। इसके बाद उसका एक साथी गलत दिशा से कार मोडऩे के कारण दूसरी कार के चालक से हाथापाई करने लगा। जिसे पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर अलग किया। बाद में उसे पुलिस शास्त्रीनगर थाने ले गई।
Published on:
29 Dec 2018 01:03 am
