
झपकी ने ली दो ट्रोला चालकों की जान
जोधपुर.
बाड़मेर रोड पर भाण्डू के नजदीक गुरुवार सुबह दो ट्रोलों की भिड़ंत में दोनों चालकों की मौत हो गई जबकि एक चालक के भाई सहित दो घायल हो गए। पुलिस को अंदेशा है कि एक चालक को नींद की झपकी आने से ट्रोला गलत दिशा में जाकर दूसरे ट्रोले से जा भिड़ा।
बोरानाड़ा पुलिस के अनुसार बाजरी से भरा जोधपुर नम्बर का ट्रोला जोधपुर से बाड़मेर की तरफ जा रहा था। ट्रोला हस्तीराम चला रहा था और उसका भाई रावतराम साथ में था। सुबह ५.३० बजे भाण्डू से आगे खुडाला फांटा के पास बालोतरा की तरफ से आ रहा हरियाणा नम्बर का एक ट्रोला गलत दिशा में जाकर जोधपुर नम्बर के ट्रोले से भिड़ गया। भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रोलों के आगे वाले हिस्से चकनाचूर हो गए और दोनों वाहनों के कैबिन में सवार चार जने बुरी तरह फंस गए।
भिडंत की आवाज सुनकर आस-पास के लोग और कुछ देर बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद दोनों ट्रोलों में सवार चारों लोगों को बाहर निकाला। तब तक पचपदरा तहसील में हनुमानपुरा में गोदारों की ढाणी निवासी हस्तीराम पुत्र लादूराम का दम टूट चुका था। जबकि उसका भाई रावतराम घायल था।
हरियाणा नम्बर के ट्रक से हरियाणा में जिंद जिले के नरवाना निवासी सोनू (३०) पुत्र सत्यवान व एक अन्य को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया। तीनों घायलों को मथुरादास माथुर अस्पताल भेजा जहां इलाज के दौरान सोनू का भी दम टूट गया। खून से लथपथ सोनू के दोनों पांव काटने पड़े। इसके बावजूद उसकी जान नहीं बच पाई। पुलिस ने घायलों के परिजन को सूचित किया है।
सीसे की सिल्लियां कैबिन में घुसी
हेड कांस्टेबल लक्ष्मणसिंह के अनुसार संभवत: चालक को नींद की झपकी आने या ओवरटेक के प्रयास में हरियाणा नंबर वाला ट्रोला गलत दिशा में चला गया। इसमें सीसे की भारी-भरकम सिल्लियां भरी थी। भिड़ंत होने से सिल्लियां कैबिन तोडक़र बाहर निकल गई।
Updated on:
03 May 2019 01:29 am
Published on:
03 May 2019 01:29 am
