
देशी कट्टे से गोली चलाने का आरोपी गिरफ्तार
जोधपुर.
डांगियावास थाना पुलिस ने देशी कट्टे से फायरिंग करने के मामले में साढ़े तीन माह से फरार मुख्य आरोपी को गुरुवार को गिरफ्तार किया। वारदात में शामिल नाबालिग को पुलिस पहले ही संरक्षण में लेकर बाल सुधार गृह भिजवा चुकी है।
थानाधिकारी हरीशचन्द्र सोलंकी के अनुसार प्रकरण में खेड़ी सालवा निवासी शंकरलाल पुत्र खंगारराम बिश्नोई को गिरफ्तार किया गया। उसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। उससे वारदात में प्रयुक्त देशी कट्टा, मोटरसाइकिल बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। हमले में शामिल एक बाल अपचारी को गत दस जुलाई को संरक्षण में लिया गया था।
वारदात के बाद से आरोपी शंकर की तलाश चल रही थी। मोबाइल लोकेशन के आधार पर मेड़ता रोड, जारोड़ा, जेसास, बुटाटी, पालड़ी के अलावा नांदड़ी, बनाड़, डिगाड़ी आदि क्षेत्रों में दबिश दी गई थी। इस बीच, गुरुवार को उसके गांव में होने की पुख्ता सूचना मिली। पुलिस ने वहां दबिश देकर उसे पकड़ लिया। वह डोडा पोस्त तस्करी के मामले में भीलवाड़ा के बदनौर थाने में पकड़ा गया था और वर्तमान में जमानत पर छूटा हुआ है।
गौरतलब है कि गत ७ अप्रेल को खेड़ी सालवा निवासी दयालराम बिश्नोई व कैलाश मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे थे। रास्ते में मोबाइल पर नाबालिग से विवाद हो गया था। इसको लेकर आमलियावास तिराहे पर शंकरलाल बिश्नोई ने उसे रोका था और देशी कट्टे से फायर किए थे। जिससे वह गंभीर घायल हो गया था। उसे एमडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
Published on:
02 Aug 2019 01:00 am
