
आखिर जेएनवीयू कर्मचारियों को मिला बोनस
जोधपुर. जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के कर्मचारियों को इस दिवाली का बोनस मिल गया है। विवि प्रशासन ने बोनस की कागजी प्रक्रिया पूरी कर दी है। बोनस के आधे रुपए कर्मचारियों को नकद और आधे रुपए उनके जीपीएफ खाते में जमा कराए जाएंगे।
विश्वविद्यालय के कर्मचारियों को पिछली दिवाली भी बोनस नहीं दिया गया था। गत दिवाली के बोनस का 25 फ़ीसदी हिस्सा होली के मौके पर उन्हें मिला था जबकि 75 फ़ीसदी हिस्सा अब भी शेष है। इस साल भी दिवाली के बोनस पर आशंका के बादल मंडराने के चलते राजस्थान पत्रिका ने कर्मचारियों की इस समस्या को अपने 31 अक्टूबर के अंक में ‘पिछली दिवाली का आधा-अधूरा बोनस होली को मिला, इस दिवाली का कब मिलेगा?’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित करके उठाया। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कर्मचारियों का बोनस जारी कर दिया। इस दिवाली पर कर्मचारियों को बोनस मिल गया है लेकिन पिछली दिवाली के मुद्दे पर अभी तक कोई सहमति नहीं बनी है।
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने इस साल बोनस की 50 प्रतिशत राशि नकद देने और 50 प्रतिशत पीएफ खाते में जमा कराने के निर्देश दिए हैं जबकि पिछले साल बोनस की 25 फीसदी राशि ही नकद मिली थी और शेष पीएफ में जमा कराने के निर्देश दिए गए थे।
....................
‘इस दिवाली कर्मचारियों को बोनस जारी कर दिया गया है।’
-ओमप्रकाश सीरवी, वित्त सलाहकार, जेएनवीयू जोधपुर
Published on:
04 Nov 2021 06:58 pm
