
after not getting selected in exam, man attempted to commit suicide
जोधपुर। नगर निगम में सफाई कर्मचारियों की भर्ती में चयन न होने पर धांधली का आरोप लगाते हुए एक युवक ने रविवार दोपहर राजकीय पालिटेक्निक कॉलेज परिसर के बाहर ऑटो पर चढ़ने के बाद केरोसीन उड़ेलकर आत्मदाह का प्रयास किया। आग लगाने से पहले लोगों की मदद से पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे पानी के टैंकर के नीचे बिठाकर केरोसीन साफ कर महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया है।
पुलिस के अनुसार निगम की सफाई कर्मचारियों की भर्ती में चयनित अभ्यर्थियों को रविवार को नियुक्ति पत्र दिए गए। इस दौरान भर्ती न होने पर प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगाते हुए एक युवक परिवार सहित बाहर निकल और पालिटेक्निक कॉलेज के बाहर रेजिडेंसी रोड पर जाकर खुद की ऑटो पर चढ़ गया। उसने खुद पर केरोसीन उड़ेला और आग लगाने लगा। तभी वहां तैनात पुलिस ने आमजन की मदद से उसे आग लगाने से पहले ही पकड़ लिया। उसे तुरंत नजदीक खड़े पानी के टैंकर के पास ले जाया गया और नल खोल नीचे बिठाकर केरोसीन की सफाई करवाई गई। बाद में उसे महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया। युवक का नाम राइकाबाग निवासी धीरज चांगरा बताया जाता है।
आपको बता दें कि नगर निगम की ओर से सफाई कर्मचारियों की भर्ती लॉटरी में सफल अभ्यर्थियों को रविवार सुबह 11 बजे नगर निगम में आयोजित कार्यक्रम में महापौर घनश्याम ओझा नियुक्ति पत्र सौंप रहे थे। निगम आयुक्त दुर्गेशकुमार बिस्सा ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को लॉटरी निकाल परिणाम जारी कर दिया था। परिणाम जिला कलक्टर कार्यालय और नगर निगम के सूचना बोर्ड पर चस्पा करने के साथ ही निगम की वेबसाइट पर भी अपलोड कर दिया गया है। सफल अभ्यर्थियों को रविवार को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। सफल अभ्यर्थी को फार्म जमा करने की रसीद और आइडी प्रूफ दिखाने के बाद ही निगम कार्यालय में प्रवेश दिया जा रहा है। जानकारी के अनुसार करीब 22 हजार फॉर्म भरे गए हैं। उनमें से 1948 को नियुक्ति पत्र रविवार को जारी किए जा रहे हैं। वहीं 127 नियुक्ति पत्रों को रिजर्व रखा गया है। वहीं नगर निगम में भर्ती को लेकर हुए फर्जीवाड़ा का आरोप लगाते हुए कुछ अभ्यर्थियों ने महापौर के घर का घेराव किया। इसके तहत महापौर के घर के बाहर पुलिस का अतिरिक्ति जाब्ता तैनात किया गया है।
Published on:
02 Sept 2018 03:31 pm
