
'अग्निवीर' को लेकर अब दिल्ली कूच का एलान
Agneepath Scheme Protest : जोधपुर। केन्द्र की अग्निपथ योजना को लेकर युवाओं में विरोध शुरू हो गया है। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी आरएलपी के बैनर तले युवाओं ने गुरुवार को रैली निकाली और जिला कलक्टर कार्यालय के बाहर रास्ता रोककर विरोध जताया। जिला कलक्टर को ज्ञापन भी सौंपा गया। वापसी में सर्किट हाउस के पास कुछ युवकों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। जिससे एक अधिकारी की कार का शीशा फूट गया।
आरएलपी के प्रदेश उपाध्यक्ष राजूराम खोजा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवा सुबह रातानाडा में एकत्रित हुए और केन्द्र सरकार की अग्निपथ योजना के प्रति विरोध जताना शुरू किया। युवाओं ने योजना व केन्द्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। फिर सभी युवा रैली के रूप में जिला कलक्टर कार्यालय पहुंचे। मुख्य गेट के बाहर उन्होंने रास्ता रोक दिया और नारेबाजी करने लगे।
इस दौरान कुछ युवकों ने सड़क पर टायर रख दिए और आग लगाकर विरोध जताने लगे। सहायक पुलिस आयुक्त देरावरसिंह व उदयमंदिर थाना प्रभारी अमित सिहाग ने समझाइश के प्रयास किए, लेकिन युवा विरोध करते रहे। बाद में एक प्रतिनिधि मण्डल ने अग्निपथ योजना के खिलाफ जिला कलक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपा।
पुलिस पर पथराव, तोड़-फोड़, डण्डे फटकारकर खदेड़ा
ज्ञापन देने के बाद पुलिस व आरएसी के जवान सभी युवाओं को पैदल ही रातानाडा की तरफ ले गई। इनके चारों तरफ पुलिस व आरएसी का पहरा रहा। सर्किट हाउस के सामने पहुंचने पर कुछ युवकों ने पुलिस पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। जिससे वहां हड़कम्प सा मच गया। पथराव से अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त की कार का शीशा फूट गया। इस पर पुलिस व आरएसी ने सख्त रवैया अपनाया और हल्का बल प्रयोग कर सभी युवाओं को सर्किट हाउस के सामने खाली जमीन की तरफ खदेड़ दिया।
Published on:
16 Jun 2022 05:49 pm
