
Agneepath Scheme Protest: अग्निपथ के विरोध में रालोपा सांसद बेनीवाल ने झोंकी ताकत
Agneepath Scheme Protest: जोधपुर. केंद्र की सेना भर्ती के लिए अग्निपथ योजना के विरोध में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) की युवा हुंकार महारैली 27 जून को रावण का चबूतरा मैदान में होगी।
रैली की तैयारियों के सिलसिले में रालोपा प्रमुख व नागौर के सांसद हनुमान बेनीवाल ने शुक्रवार को जिले के ग्रामीण इलाकों में सघन जनसम्पर्क किया। इस दौरान मथानिया व बावड़ी में पार्टी कार्यकर्ताओं ने ट्रैक्टर रैली निकालते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। ओसियां में भी वाहन रैली निकाली गई। बेनीवाल ने जिले के खेड़ापा, बावड़ी, ओसियां, बापिनी, आऊ, नेवरा रोड, लोहावट, चामू व कलाऊ में जनसंपर्क सभाओं को संबोधित किया।
बेनीवाल ने जनसंपर्क सभाओ में कहा कि सेना जैसे संगठनों में मात्र चार साल के लिए संविदा आधारित भर्ती युवाओं के साथ भद्दा मजाक है। यह ठेका पद्धति सेना के लिए भी किसी दृष्टि से उचित नहीं है। लोकतांत्रिक रूप से विरोध करके केंद्र को झुकाकर रहेंगे और केंद्र को निर्णय बदलना पड़ेगा। इस दौरान उन्होंने बावड़ी व मथानिया में युवाओं की रैली के दौरान ट्रेक्टर चलाया। उन्होंने ओसियां में भंवरीदेवी प्रकरण के बहाने नाम लिए बिना कुछ नेताओं पर निशाना भी साधा। उन्होंने ओसियां में भंवरीदेवी प्रकरण के बहाने नाम लिए बिना कुछ नेताओं पर निशाना भी साधा। रालोपा प्रदेशाध्यक्ष भोपालगढ़ विधायक पुखराज गर्ग, प्रदेश उपाध्यक्ष राजूराम खोजा व भागीरथ नैण, पूर्व प्रधान भोमाराम चौधरी समेत कई नेता उनके साथ थे।
बेनीवाल का करेंगे विरोध
मथानिया संवाददाता के अनुसार जनसंपर्क सभा में मदरेणा परिवार पर तुच्छ टिप्पणियों को लेकर शनिवार को ओसियां व बावड़ी तहसील मुख्यालयों पर बेनीवाल का पुतला जलाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा ।
Published on:
24 Jun 2022 10:09 pm
