
जोधपुर. विश्व के सर्वाधिक प्रदूषित शहरों की सूची में 14वें नंबर पर शुमार जोधपुर में प्रदूषण स्तर पर नजर रखने के लिए ‘एयर क्वालिटी मॉनिटर’ मशीनें लगाई जाएगी। ब्रिटेन से आयातित पहली मशीन जोधपुर सांसद और केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत के कोष से अशोक उद्यान में लगाई जाएगी। शेखावत ने मंगलवार को संवाददाताओं से बातचीत में बताया कि शहर के बढ़ते प्रदूषण मानकों पर नियमित नजर रखे जाने की जरूरत है। इसके लिए ब्रिटेन से आई इस मशीन को प्रयोग के तौर पर अशोक उद्यान में लगाया जाएगा। उनका कहना है कि आमजन के सैर-सपाटे के इस स्थान की प्रदूषण की मॉनिटरिंग जरूरी है। यहां मशीन के सफल प्रयोग के बाद शहर में चार-पांच ऐसी मशीनें सीएसआर फंड से और लगाई जाएगीं। एयर क्वालिटी मॉनिटर मशीन की कीमत करीब 20 लाख रुपए है।
पीएम 1 तक की रीडिंग ले सकती है मशीन
अब तक शहर में वायु प्रदूषण मापने वाली मशीनें पीएम 10 या कुछ स्थानों पर पीएम 2.5 स्तर तक का ही प्रदूषण माप सकती है। लेकिन आयातीत मशीन पीएम 1 तक का प्रदूषण माप सकती है। इससे धूल के ऐसे सूक्ष्म कण जो देखे नहीं जा सकते लेकिन शरीर के लिए घातक होते हैं उनकी भी रीडिंग ली जा सकेगी।
ऑनलाइन हो सकेगी मॉनिटरिंग
एयर क्वालिटी मॉनिटर मशीन का प्रति मिनट का डाटा ऑनलाइन जारी होगा। इसे एप के जरिये भी मॉनिटर किया जा सकेगा। सरकारी स्तर पर इसकी मॉनिटरिंग राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मंडल अथवा नगर निगम को देने की तैयारी की जा रही है।
15 अगस्त तक सघन वृक्षारोपण अभियान
जोधपुर सांसद और केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री गजेन्द्रसिंह शेखावत ने शहर में प्रदूषण स्तर कम करने के लिए पौधारोपण अभियान भी शुरू किया। उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता आमजन को साथ लेकर अलग-अलग स्थानों पर वृक्षारोपण करेंगे। यह अभियान 15 अगस्त तक चलेगा।