
जोधपुर.
बारिश के दौरान घूमने के लिए कायलाना झील आया वायुसेना का एक जवान रविवार को कायलाना झील में डूब गया। मथुरादास माथुर अस्पताल की मोर्चरी में पानी भरा होने व फ्रिजर में अर्थिंग करंट की वजह से कुछ देर तक शव बाहर ही रखा रहा।
राजीव गांधी नगर थानाधिकारी बलराजसिंह मान के अनुसार शिकारगढ़ में वायुसेना की ५१२ लाइट एयर बटालियन का जवान कमलजीतसिंह (३५) पुत्र पदमसिंह गूजर अपराह्न कायलाना झील गया और नहाने के लिए झील में उतरा और गहरे पानी में डूब गया। स्थानीय गोताखोरों ने उसे बाहर निकाला और पुलिस की मदद से कायलाना चौराहे के पास स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे मथुरादास माथुर अस्पताल रैफर किया। ट्रोमा सेंटर में जांच के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया गया। वायुसेना के अधिकारी व जवान भी अस्पताल पहुंचे। रात को शव मोर्चरी भिजवा दिया गया। पुलिस ने मर्ग दर्ज किया है। संभवत: सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पहले ट्रोमा सेंटर, फिर मोर्चरी के बाहर रहा शव
अस्पताल परिसर में पानी भरा था। काफी देर इंतजार के बाद पानी कम हुआ तो शव मोर्चरी ले जाया गया। वहां भी पानी जमा था और फ्रिजर में भी अर्थिंग का करंट आ रहा था। मोर्चरी कर्मचारी ने शव रखने से इनकार कर दिया। कुछ देर इंतजार के बाद हेड कांस्टेबल जवानसिंह ने शव फ्रिजर में रखवाया।