
अरब सागर में अब ‘मम्हा’ चक्रवाती तूफान
जोधपुर. अरब सागर में बुधवार को बना कम दबाव का क्षेत्र गुरुवार को चक्रवाती तूफान ‘मम्हा’ में बदल गया। यह तूफान तेजी से उत्तर की ओर बढ़ रहा है। शुक्रवार को इसके कारण प्रदेश में अगले दो दिन बादलों की आवाजाही रहेगी। कुछ स्थानों पर छींटे भी गिर सकते हैं। इस बीच चक्रवात ‘क्यार’ धीमा पडऩे के साथ वापस दक्षिण की ओर आ गया। अगले दो दिनों में इसका प्रभाव कम हो जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार नवम्बर के प्रथम सप्ताह में मौसम सामान्य रहेगा। दूसरे सप्ताह में तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
सूर्यनगरी में गुरुवार को बादलों की हल्की आवाजाही के कारण न्यूनतम तापमान उछलकर 23.3 डिग्री पर आ गया। सामान्य से छह डिग्री अधिक तापमान होने के कारण बीती रात तपिश जैसा मौसम रहा। शहरवासियों को तेज गति से पंखे चलाने पड़े। कुछ ने तो कूलर का स्विच भी ऑन कर दिया। दिन में सूरज के क्षैतिज पर चढऩे के कारण गर्मी लगने लगी। ऐसा लग रहा था मानो सितम्बर का महीना है। दिन में तापमान 35.7 डिग्री तक पहुंचा। हवा में अधिकतम नमी 74 फीसदी होने से दोपहर में गर्मी रही। पंखें बंद करने पर तपिश का अनुभव हो रहा था। अगले दो दिन बरसाती बादल आते हैं तो मौसम में वापस ठण्डक हो जाएगी। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम रहा। बाड़मेर और जैसलमेर के रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई।
गौरतलब है कि देश में सर्दियों के मौसम में अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से चक्रवाती तूफान उठते हैं। इनसे प्रायद्वीपीय भारत में अच्छी बरसात होती है जो रबी की कई फसलों के लिए वरदान होती है।
Published on:
31 Oct 2019 10:22 pm
