
दस हजार का इनामी हथियार सप्लायर गिरफ्तार
जोधपुर. बदमाशों को अवैध हथियार बनाकर बेचने वाले प्रमुख सप्लायर को डांगियावास थाना पुलिस ने मध्यप्रदेश के बरवानी से गिरफ्तार किया। डांगियावास थाना व डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई में गत दिनों उसे पकड़ा गया था, लेकिन स्थानीय पुलिस ने अवैध हथियार जब्त कर उसे गिरफ्तार किया था।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) धर्मेन्द्रसिंह यादव ने बताया कि मध्यप्रदेश के बरवानी जिले में वरला थानान्तर्गत उमरटी गांव निवासी श्यामसिंह उर्फ टोनी उर्फ बिल्ला उर्फ भोला (२६) पुत्र अंतरसिंह सीकलीगर को गिरफ्तार किया गया है। उस पर दस हजार रुपए का इनाम घोषित था। वह कमिश्नरेट के टॉप-१० वांछित बदमाशों में शामिल था। वह एक साल से फरार था।
उसके गांव में होने की सूचना पर डांगियावास थानाधिकारी कन्हैयालाल के नेतृत्व में एएसआइ ओमप्रकाश व शेषाराम, साइबर सैल के हेड कांस्टेबल राकेशसिंह, डीएसटी के कांस्टेबल देवाराम, तेजाराम, पूनाराम, शैतानराम व दशरथ की टीम बनाकर उमरटी गांव भेजी गई, लेकिन गांव की भौगोलिक स्थिति के चलते पुलिस गांव में तलाश नहीं कर पाई। वह रोज अलग-अलग मकानों में छुपता था। एेसे में पुलिस ने गांव के सारे मार्गों पर गोपनीय तरीके से नजर रखी और गांव से बाहर आते ही पुलिस ने श्यामसिंह को पकड़ लिया। उसके पास हथियार मिलने पर स्थानीय पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। अब पुलिस ने उसे प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार जोधपुर लाई।
राजस्थान ही नहीं महाराष्ट्र व एमपी में सप्लाई
थानाधिकारी कन्हैयालाल का कहना है कि अवैध हथियार बनाना आरोपी श्यामसिंह उर्फ टोनी का पुश्तैनी काम है। वह न सिर्फ हथियार बनाता है बल्कि जोधपुर, राजस्थान, महाराष्ट्र व मध्यप्रदेश में हथियारों का प्रमुख सप्लायर है। वह कार्बाइन भी बना चुका है। जोधपुर के निंबाराम ने अस्सी हजार रुपए में देसी कार्बाइन खरीदी थी।
Updated on:
10 Jan 2021 06:26 pm
Published on:
10 Jan 2021 06:26 pm
