
बैंक में इलेक्ट्रोनिक पैनल बोर्ड में आग
जोधपुर.
शॉर्ट सर्किट की वजह रेलवे स्टेशन के बाहर एसबीआइ शाखा के इलेक्ट्रोनिक पैनल बोर्ड में शुक्रवार दोपहर आग लग गई और बैंक में धुआं ही धुआं हो गया। दो दमकलों के साथ मौके पर पहुंचे अग्निशमन कर्मचारियों ने समय रहते आग पर काबू पाया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि एसबीआइ की रेलवे स्टेशन शाखा में दोपहर में शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे इलेक्ट्रोनिक पैनल बोर्ड में आग लग गई। बिजली के तार जलने से वहां एकबारगी धुआं ही धुआं हो गया। जो बैंक के पूरे परिसर में फैल गया। बैंक कर्मचारियों के अलावा वहां मौजूद कुछ ग्राहक घबरा गए। सभी बाहर की तरफ भागे। दो दमकलों के साथ मुख्य अग्निशमन अधिकारी व सहायक अग्निशमन अधिकारी मौके पर पहुंचे। विद्युत आपूर्ति बंद करा पैनल बोर्ड में लगी आग पर काबू पाया गया। समय पर नियंत्रित कर लेने से बैंक में कोई खास नुकसान नहीं पहुंचा। आग से बैंक परिसर में किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।
Published on:
04 Jul 2020 02:16 am
