
पहले निकलने के प्रयास में ट्रक से भिड़ी बाइक, एक की मौत
जोधपुर.
पाली रोड पर कांकाणी में पहले निकलने के प्रयास में मोटरसाइकिल के ट्रक चपेट में आने से एक युवक की मौत व दूसरा घायल हो गया। वहीं, झालामण्ड चौराहे पर कार की चपेट से एक वृद्ध व खाटावास में दो मोटरसाइकिल की टक्कर में एक किशोर की मृत्यु हो गई।
लूनी थानाधिकारी नियाज मोहम्मद के अनुसार नंदवान गांव निवासी वीरसिंह, शेरसिंह पुत्र बालूसिंह व जितेंद्र गुरुवार रात ढाई बजे शादी समारोह में फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी करने के बाद एक मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे थे। तीनों ने कांकाणी में खाना खाया और फिर घर की तरफ रवाना हुए। चालक वीरसिंह ने सडक़ क्रॉस करने का प्रयास किया। इतने में जोधपुर से पाली की तरफ जा रहे ट्रक से पहले निकलने की कोशिश की, लेकिन मोटरसाइकिल ट्रक की चपेट में आ गई। बाइक चला रहा वीरसिंह के गंभीर चोट आई। खून अधिक बहने से घटनास्थल पर ही वीरसिंह (१९) पुत्र भंवरसिंह की मृत्यु हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल शेरसिंह को अस्पताल पहुंचाया। सबसे पीछे बैठे होने से जितेन्द्रसिंह के कोई चोट नहीं आई। पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम करा वीरसिंह का शव परिजन को सौंपा।
हेलमेट न होने से गई किशोर की जान
बोरानाडा थाने के एएसआई नारायणसिंह ने बताया कि खाटावास गांव निवासी योगेश (१७) पुत्र ताराचंद मेघवाल व चाचा भोमाराम शाम को मोटरसाइकिल पर गांव लौट रहे थे। गांव में ही पीछे से एक अन्य मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी। दोनों घायल हो गए। उन्हें एमडीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां योगेश की मृत्यु हो गई। उसने हेलमेट नहीं पहना था। हेलमेट पहना होने से चालक भोमाराम के मामूली चोट आई।
डिवाइडर से सिर टकराया, वृद्ध की मौत
झालामण्ड में मानपुरा ढण्ढ स्कूल के सामने निवासी दयाराम (६५) पुत्र रामचन्द्र प्रजापत गुरुवार शाम मोटरसाइकिल पर झालामण्ड चौराहे से निकल रहे थे। मंदिर के सामने पहुंचने पर पाली की तरफ से आई कार ने मोटरसाइकिल को चपेट में ले लिया। दयाराम नीचे गिर गए। डिवाइडर से सिर के पिछले हिस्से में चोट से खून बहने लगा। उन्हें एमडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार को उनकी मृत्यु हो गई।
Published on:
29 Feb 2020 12:08 am
