
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पूनिया
जोधपुर. भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि कांग्रेस सरकार का दस माह कार्यकाल ही एंटी इनकमबेंसी पैदा कर चुका है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने तो पुत्र को स्थापित करने का बीड़ा उठाया। वे जोधपुर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जोधपुर की जनता ने पहले चुनाव में जवाब दे दिया। यह सीएम गहलोत के लिए बड़ा राजनीतिक झटका था। गाड़ी पटरी पर चढ़ी नहीं तो आरसीए चुनाव के जरिये आए अपने पुत्र को रोजगार दे दिया। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस डरी हुई है।
घबराहट इतनी बढ़ गई कि उनकी सीएम की गुडमॉर्निंग से गुडनाइट सब आरएसएस व भाजपा को कोसने पर सीमित है। पहले प्रत्यक्ष चुनाव से अप्रत्यक्ष पर आ गए। हाइब्रिड मॉडल लागू किया। उन्हीं की सरकार के मंत्री व उपमुख्यमंत्री विरोधी बयान दे रहे हैं। वार्ड लॉटरी निकल गई और फिर पुनर्सीमांकन का तमाशा कर रहे हैं। जोधपुर सहित तीन निगम में प्रशासक बैठाने की तैयारी है। लूट का खेल फिर शुरू होगा।
कुर्सी बचाने की जुगत
सीएम ने गर्वनेंस पर काम कम और कुर्सी बचाने व बेटे को सेट करने पर फोकस ज्यादा किया। पहले स्वाइन फ्लू से सर्वाधिक मौतें जोधपुर में हुई, अब डेंगू का प्रकोप भी ज्यादा है। पश्चिमी राजस्थान में ट्डिडी के हमले से किसान त्रस्त है। लेकिन कोई ठोस कार्ययोजना नहीं। मुख्यमंत्री खुद गृहमंत्री है।
जब पूर्व मुख्यमंत्री आएंगी तो सामने ला दूंगा
भाजपा में ही मनमुटाव के सवाल पर पूनिया ने कहा कि सीएम गहलोत बेबुनियाद से तर्क ढंूढ रहे हैं। अपनी गलती छुपाने के लिए हमारे पर दोष मढ़ रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने अनुपस्थिति के कारण पहले ही संज्ञान में ला दिए थे। जब पूर्व मुख्यमंत्रीजी आएंगी तो मैं सामने कर दूंगा।
Published on:
22 Oct 2019 11:04 am
