
युवती के साथ जबरन फोटो-वीडियो बनाकर व्यापारी को किया ब्लैकमेल, वायरल करने का दबाव बना ऐंठे एक करोड़
विकास चौधरी/जोधपुर. पशु आहार के एक व्यापारी को उद्यान अपार्टमेंट स्थित एक फ्लैट में ले जाकर कुछ युवकों ने जबरन युवती के साथ फोटो और वीडियो बना लिए। इन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर व्यापारी से एक करोड़ रुपए मांगे। बदनामी से घबराए व्यापारी ने पांच लाख रुपए मंगवाकर आरोपियों को दिलाए तब उसे छोड़ा गया। चौहाबो थाना पुलिस ने मारपीट व बंधक बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला दर्ज कर फ्लैट मालिक को हिरासत में लिया है।
एसआइ परमेश्वरी के अनुसार महामंदिर तीसरी पोल के बाहर दाधीचनगर निवासी व्यापारी रामनिवास राठी (55) को मंगलवार दोपहर गगाड़ी गांव निवासी प्रेम खोथ उर्फ प्रेमाराम जाट ने फोन कर बातचीत के लिए अशोक उद्यान बुलाया। वहां से वह राठी को अशोक उद्यान के पीछे उद्यान अपार्टमेंट स्थित एक फ्लैट में ले गया। तभी चार-पांच युवकों के साथ एक युवती आई और फ्लैट में घुसते ही राठी के ऊपर जा गिरी। इतने में युवकों ने दोनों के फोटो खींचे और वीडियो भी बना लिए।
प्रेम व अन्य युवक इन फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगे। ऐसा न करने की एवज में एक करोड़ रुपए मांगे। 25 लाख रुपए देना तय हुआ और व्यापारी ने भाई को फोन कर भूखण्ड खरीदने को लेकर विवाद बताकर पांच लाख रुपए मंगवाए।
भाई व व्यापारी का पुत्र रुपए लेकर मण्डोर कृषि मण्डी आए। इधर फ्लैट से दो युवक कार लेकर मण्डी पहुंचे और पांच लाख रुपए ले लिए। इसके बाद व्यापारी को आखलिया चौराहा छोड़ दिया गया। व्यापारी की मण्डोर नौ मील क्षेत्र में पशु आहार की फैक्ट्री है।
दूसरे दिन दर्ज कराई एफआइआर
युवकों के चंगुल से छूटने के बाद व्यापारी ने पुलिस को मामले के बारे में जानकारी दी। पुलिस फ्लैट पहुंची तो ताला लगा मिला। व्यापारी ने बुधवार रात चौहाबो थाने में प्रेम उर्फ प्रेमाराम जाट व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। प्रेम का सुराग नहीं लग पाया। उसके जिले से बाहर निकलने की आशंका है।
व्यापारी का परिचित है आरोपी का पिता
आरोपी प्रेम के गांव के पास व्यापारी का खेत है। प्रेम का पिता और व्यापारी परिचित हैं। आरोपी प्रेम व अन्य कुछ युवक लॉरेंस गैंग के शूटर हरेन्द्र उर्फ हीरा जाट के सम्पर्क में रहे हैं। अभी तक इसमें हरेन्द्र की भूमिका सामने नहीं आई है।
पुलिस फ्लैट पर पहुंची तो व्यापारी को फिर धमकाया
वारदात के बाद दो युवकों ने फ्लैट किराए पर लेने के लिए मालिक से सम्पर्क किया और फ्लैट देखने पहुंच गए। वहां ताला लगा था। फोन पर फ्लैट मालिक से बात की तो उसने ताला तोडकऱ फ्लैट देखने को कहा। दोनों युवक ताला तोड़ अंदर घुसे तभी पुलिस भी वहां पहुंची और दोनों को पकड़ थाने लाई। जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया। इतने में व्यापारी के मोबाइल पर एक अन्य नम्बर से बदमाशों ने फोन कर पुलिस को अवगत कराने पर शेष बीस लाख रुपए वसूलने को धमकाया। व्यापारी ने पुलिस को सूचना दी। मोबाइल नम्बर के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Updated on:
20 Sept 2019 11:31 am
Published on:
20 Sept 2019 11:31 am
