
बाइक चुराकर इंजन-चैसिस नम्बर बदलकर सस्ते दामों पर बेचते,बाइक चुराकर इंजन-चैसिस नम्बर बदलकर सस्ते दामों पर बेचते,बाइक चुराकर इंजन-चैसिस नम्बर बदलकर सस्ते दामों पर बेचते
जोधपुर।
मण्डोर थाना पुलिस ने दुपहिया वाहन चोर गिरोह का खुलासा कर दो मास्टर माइण्ड और वर्कशॉप संचालित सहित चार युवकों को गिरफ्तार कर चोरी की नौ मोटरसाइकिल, इंजन-चैसिस नम्बर बदलने में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए। आरोपियों ने 11 दुपहिया वाहन चोरी करना कबूल किया है।
सहायक पुलिस आयुक्त (मण्डोर) पीयूष कविया ने बताया कि वाहन चोरियों को रोकने व बदमाशों को पकड़ने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी के तहत थानाधिकारी विक्रमसिंह के निर्देशन में पुलिस ने तलाश शुरू की। सीसीटीवी कैमरे व संदिग्धों से पूछताछ के बाद हरीश मेघवाल व लिखमाराम जाट को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने दुपहिया वाहन चोरी करना कबूल किया। चोरी के बाद बाइक को महेन्द्र मेघवाल के वर्कशॉप ले जाते थे, जहां महेन्द्र वाहन के इंजन व चैसिस नम्बर घिसकर मिटा देते थे। फिर विभिन्न सांचे फर्मों की मदद से दूसरे फर्जी इंजन नम्बर लगा देते थे।
जांच व पूछताछ के बाद मथानिया थानान्तर्गत भैंसेर कोटवाली निवासी हरीश (20) पुत्र नाथूराम मेघवाल, करवड़ थानान्तर्गत खारड़ा मेवाला निवासी लिखमाराम (20) पुत्र नारायणराम जाट, जूड गांव में मेघवालों का बास निवासी महेन्द्र (23) पुत्र गिरधारीराम मेघवाल और शेरगढ़ के साबरसर गांव में खेतसिंह नगर निवासी हासन खां (24) पुत्र सद्दीक खां को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही से चोरी की नौ मोटरसाइकिलें बरामद की गईं हैं। आरोपियों ने मण्डोर व आस-पास के क्षेत्रों से 11 बाइक चोरी की हैं। कार्रवाई में एएसआइ ओमप्रकाश की विशेष भूमिका रही। वहीं, कांस्टेबल जयपाल, नरसिंगराम, विशनाराम व पांचाराम भी शामिल थे।
7 से 8 हजार में बेचकर राशि बांट लेते
थानाधिकारी विक्रमसिंह ने बताया कि महेन्द्र के वर्कशॉप में इंजन व चैसिस नम्बर बदलने के बाद मास्टर माइण्ड हरीश व लिखमाराम ग्राहक तलाशते और करीब 7-8 हजार रुपए बेचते थे। इस राशि का तीनों बंटवारा कर लेते थे। हासन खां ने चोरी की बाइक सस्ते दाम में खरीदी थी। जो बरामद की गई है।
Published on:
06 Sept 2023 12:51 am
