9 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बजरी खनन में हत्या की रंजिश में कैम्पर लूटकर आग लगाई

- चालक का अपहरण कर फायरिंग कर धमकाकर पचास हजार रुपए लूटे
2 min read
Google source verification
बजरी खनन में हत्या की रंजिश में कैम्पर लूटकर आग लगाई

बजरी खनन में हत्या की रंजिश में कैम्पर लूटकर आग लगाई

जोधपुर.
सालोड़ी गांव में बजरी के अवैध खनन में हिस्ट्रीशीटर की हत्या को लेकर चल रही रंजिश में शनिवार को बालेसर थानान्तर्गत खुडियाला गांव के पास कुछ लोगों ने बोलेरो कैम्पर चालक का अपहरण कर कैम्पर लूट ली और मारपीट व फायरिंग से डरा धमकाकर चालक को छोड़ दिया। बाद में खाबड़ा गांव के पास कैम्पर को आग लगा दी गई। आरोपियों का पता नहीं लग पाया।

पुलिस के अनुसार घंटियाला गांव निवासी रईस (२३) पुत्र मोहम्मद खान शाम को बकरे खरीदने के लिए परिचित की एक बोलेरो कैम्पर लेकर चामूं गांव जा रहा था। खुडियाला गांव रोड पर परिचित ओंकारसिंह ने उसे रोका। इतने में तीन वाहनों में सवार दस-पन्द्रह युवक आए और रईस की कैम्पर से चाबी छीन ली। उसे नीचे उतारा। एक युवक ने पिस्तौल निकालकर रईस की कनपटी पर लगा दी। उसे जबरन दूसरी गाड़ी में बिठाकर अपहरण कर ले गए। उसकी कैम्पर को एक अन्य युवक ले जाने लगा। आरोपी उसे सुनसान पहाड़ी पर ले गए, जहां उसे नीचे उतारा। तभी उसकी कैम्पर व तीन अन्य वाहनों में सारे युवक पहुंच गए। दो जनों ने अलग-अलग हथियार से डराने के लिए उस पर फायर किए, लेकिन वह बच गया।
आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और जेब से पचास हजार रुपए लूट लिए। फिर उसे जान से मारने की धमकियां देकर कैम्पर व तीनों वाहन लेकर वहां से भाग निकले। रईस ने परिचित को मौके पर बुलाया और बालेसर थाने पहुंचकर मामले की जानकारी दी। इतने में सूचना मिली कि आरोपियों ने उससे लूटी कैम्पर को खाबड़ा गांव के पास आग के हवाले कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी नहीं मिले। कैम्पर पूरी तरह खाक हो चुकी थी। थानाधिकारी दीपसिंह का कहना है कि बोलेरो को आग लगाई गई है। जांच की जा रही है।

रईस खान ने खाबड़ा निवासी छैलसिंह, जोगिन्दरसिंह, जीतूसिंह, विशालसिंह, अनोपसिंह, जोगसिंह, दलपतसिंह, भोमसिंह व चार-पांच अन्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
बजरी खनन व हिस्ट्रीशीटर की हत्या की रंजिश

सालोड़ी में बजरी खनन को लेकर विवाद में गत वर्ष तीन नवम्बर की देर रात दो पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला किया था। इस झगड़े में हिस्ट्रीशीटर महेन्द्र सिंह की हत्या हो गई थी। गोली लगने से दूसरे पक्ष से एक व्यक्ति घायल हुआ था। हत्या व हत्या के प्रयास के अलग-अलग मामले राजीव गांधी नगर थाने में दर्ज है। आरोप है कि महेन्द्रसिंह की हत्या की रंजिश में उसके भतीजे छैलसिंह ने रइस का अपहरण कर बोलेरो कैम्पर व रुपए लूटे और फिर कैम्पर में आग लगाई है।

बड़ी खबरें

View All

जोधपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग