
टक्कर मारने के बाद एक किमी तक कार को घसीटता ले गया कैम्पर चालक, पुलिस ने इस तरह दबोचा
जोधपुर.
बारहवीं रोड चौराहे पर शुक्रवार देर शाम सिग्नल तोडक़र तेज रफ्तार से आई कैम्पर की टक्कर के बाद मोटरसाइकिल फंस गई और कैम्पर करीब एक किमी तक बाइक को घसीटते ले गई। पुलिस ने चिल्ड्रन पार्क के पास कैम्पर रोककर उसे जब्त कर लिया। इससे एकबारगी अफरा-तफरी सी मच गई।
थानाधिकारी कैलाश पारीक के अनुसार बड़ली का एक युवक कैम्पर लेकर देर शाम बोम्बे मोटर्स चौराहे से 12वीं रोड की तरफ आ रहा था। 12वीं रोड चौराहे पर चालक ने लाल लाइट होने के बावजूद सिग्नल तोडक़र कैम्पर भगाने का प्रयास किया। इतने में 5वीं रोड की तरफ से 12वीं रोड चौराहा क्रॉस करके एक मोटरसाइकिल आई और चौराहा क्रॉस करने लगी। तभी कैम्पर ने उसे चपेट में ले लिया। इस दौरान बाइक चालक उछलकर दूर जा गिरा। तेज रफ्तार के चलते बाइक कैम्पर में फंस गई।
हादसे से कैम्पर चालक घबरा गया और वह बाइक को घसीटते हुए कैम्पर भगाने लगा। इतने में चौराहे पर मौजूद होमगार्ड अमरावदान चारण भागकर कैम्पर के पास पहुंचा व रोकने का प्रयास किया। उसने कैम्पर का का गेट पकड़ लिया, लेकिन कैम्पर चालक रोकने की बजाय और तेजी से भगाने लगा। इससे होमगार्ड का हाथ छिटक गया। तभी एसयूवी में सवार खाण्डा फलसा थानाधिकारी राजेन्द्र चौधरी वहां आ गए। होमगार्ड ने उन्हें पूरी जानकारी दी। थानाधिकारी ने पीछा शुरू किया तो कैम्पर चालक ने गाड़ी चिल्ड्रन पार्क की तरफ घुमा ली। थानाधिकारी ने नाकाबंदी कराई और चिल्ड्रन पार्क के पास एसयूवी आगे लगाकर उसे रोक लिया। जिसे बाद में सरदारपुरा थाने ले जाया गया, लेकिन दुर्घटना होने वाला क्षेत्र शास्त्रीनगर का होने से उसे व दोनों वाहनों को शास्त्रीनगर थाना पुलिस को सौंप दिया गया। थानाधिकारी पारीक का कहना है कि कैम्पर बड़ली निवासी विकास राजपुरोहित चला रहा था।
भीड़-भाड़ वाली रोड पर दहशत
हादसे के दौरान 12वीं रोड चौराहे के आस-पास भीड़-भाड़ थी। टक्कर होते ही बाइक कैम्पर में फंस गई। फिर भी चालक ने कैम्पर नहीं रोकी और भगाता रहा। जिससे एकबारगी दहशत फैल गई।
मैं चिल्लाता रहा, नीचे आदमी फंसा, लेकिन रोकी नहीं : होमगार्ड
होमगार्ड अमरावदान का कहना है, ‘12वीं रोड चौराहे पर हादसे में बाइक नीचे फंस गई थी। इसके बावजूद चालक कैंपर को भगाने लगा। तब मैंने नीचे आदमी फंसा होने की दुहाई देकर रोकने का प्रयास किया। मैंने बॉडी का गेट भी पकड़ लिया था, लेकिन फिर भी चालक ने कैम्पर नहीं रोकी थी।’
अनियंत्रित कार ने बाइक व कार को टक्कर मारी
उधर, दोपहर में सत्संग भवन रोड पर तेज रफ्तार व अनियंत्रित कार ने मोटरसाइकिल को चपेट में लेने के बाद एक अन्य कार को टक्कर मार दी। एकबारगी वहां अफरा-तफरी सी मच गई। बाद में कार दूसरी कार को टक्कर मारकर रूकी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आपस में समझौता होने से कोई मामला दर्ज नहीं हो पाया।
Published on:
19 Jan 2019 12:20 am
