
ट्रेलर चुराकर सीमेंट के कट्टे बेचे, कुछ कट्टे ग्रामीणों ने लूटे
जोधपुर.
बासनी में ट्रांसपोर्ट नगर के पास खड़ा सीमेंट से भरा ट्रेलर मंगलवार तड़के चोर चुरा ले गया और आस-पास के गांवों में सीमेंट के कुछ कट्टे बेच दिए। शराब के नशे में होने पर चालक ने एक गांव के पास ट्रेलर लावारिस हालत में खड़ा किया तो आस-पास के लोग सीमेंट के कुछ कट्टे ले गए।
बासनी थाना पुलिस ने बताया कि सीमेंट से भरा एक ट्रेलर ट्रांसपोर्ट नगर में दाऊजी की होटल के पास खड़ा था। जो कोई चोर चुरा ले गया। उसमें सीमेंट के पांच सौ से छह सौ कट्टे भरे हुए थे। सुबह ट्रेलर गायब पाकर मालिक ने तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। इस बीच, ट्रेलर के नजदीक स्थित गांव के पास सुनसान जगह खड़ा होने की सूचना मिली। उसमें सीमेंट के कुछ ही कट्टे मिले। शेष कट्टे चोर ने आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों में बेच दिए। जबकि शराब के नशे में ट्रेलर खड़ा करने का फायदा उठाकर कुछ कट्टे लोग चुरा ले गए। पुलिस ने ट्रेलर कब्जे में लिया और थाने लेकर आई। चोर और सीमेंट के कट्टे बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
Published on:
31 May 2021 01:08 am
