
जोधपुर के गांवों में टिड्डी हमले का जाएजा लेने पहुंचा केंद्रीय टिड्डी नियंत्रण दल, ग्रामीणों से जाने हाल
वीडियो : पेपाराम राही/बालेसर/जोधपुर. केंद्रीय टिड्डी दल नियंत्रण विभाग की टीम ने बालेसर व सेखाला तहसील क्षेत्र का दौरा कर टिड्डी दल से प्रभावित क्षेत्रों में नष्ट हुई फसलों का जायजा लिया। साथ ही किसानों से रूबरू होकर फसल खराबे का आकलन किया। बालेसर उपखंड अधिकारी महावीर सिंह जोधा और तहसीलदार आईदान पंवार के साथ जोधपुर से केंद्रीय टिड्डी दल नियंत्रण विभाग की टीम बालेसर पहुंची। जहां बालेसर क्षेत्र के खारी बेरी व जैतसर सहित तहसील सेखाला क्षेत्र के धीरपुरा, मोकमगढ़ और केतु आदि अन्य गांवों के खेतों में पहुंचकर टिड्डी दल के हमले से चौपट हुई फसलों का जायजा लिया। खेतों में अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर फसलों के खराबे का आंकलन किया। टीम के अधिकारियों ने फसल खराबे पर चिंता प्रकट करते हुए उपस्थित कृषि विभाग के अधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए तथा किसानों को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। बालेसर उपखंड क्षेत्र में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी व कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक अतीश चंद्र, सहायक आयुक्त दयानंद भावन, कृषि सलाहकार संतोष आर, नीति आयोग के निदेशक मनीष चौधरी, जोधपुर कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक हीराराम भाखर, उपखंड अधिकारी महावीर सिंह जोधा, बालेसर तहसीलदार आईदान पंवार व सेखाला तहसीलदार ओमप्रकाश सोनी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
Published on:
18 Feb 2020 01:43 pm
