
थानेदार बनकर धमकाने वाले कांस्टेबल का थाना बदला
बालेसर (जोधपुर).
जिले के देचू थाने के एक कांस्टेबल के थानेदार बनकर फेसबुक पर अपलोड पोस्ट डिलीट करने के लिए एक व्यक्ति को डरा-धमकाने व जेल में बंद करने की धमकी देने के मामले में कांस्टेबल का तबादला कर दिया गया। उसे पुलिस स्टेशन देचू से फलोदी लगाया गया है।
गौरतलब है कि देचू थाना में कार्यरत कांस्टेबल शेर सिंह ने बायतु बाड़मेर निवासी मोहन राम से टेलीफोन पर बातचीत कर कहा कि वह देचू पुलिस थाने के सब इंस्पेक्टर शेर सिंह बोल रहा है तुम फेसबुक पर लाइव पोस्ट डिलीट कर दो नहीं तो पकड़ कर जेल में डाल दूंगा । इस बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल होने पर गत 7 मई को राजस्थान पत्रिका में समाचार प्रकाशित होने पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अनिल कयाल ने उपाधीक्षक को जांच कर रिपोर्ट भेजने के आदेश दिए थे, लेकिन 1 माह बीतने के बावजूद भी जांच रिपोर्ट पेश नहीं की गई। एेसे में कांस्टेबल शेरसिंह को फलोदी थाने भेज दिया गया।
एक महीने से जांच पेंडिंग
वृत्ताधिकारी (बालेसर) राजूराम चौधरी ने बताया कि परिवादी मोहनराम अभी तक मिला नहीं है। उससे सम्पर्क भी नहीं हो पा रहा है। कांस्टेबल के बयान दर्ज कर दिए हैं। जिससे बात हुई थी उस व्यक्ति का मोबाइल बंद है। इसलिए जांच पेंडिंग है । निप्र
इनका कहना
थानेदार बनकर धमकाने का ऑडियो वायरल होने के मामले में जांच रिपोर्ट अभी तक मिली नहीं है। प्रशासनिक आधार पर कांस्टेबल को हटाकर फलोदी लगाया है।
अनिल कयाल, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जोधपुर।
Published on:
07 Jun 2021 02:49 am
