
पंद्रह साल बाद बदलाव, शहर कांग्रेस में अब दो अध्यक्ष
जोधपुर. जोधपुर शहर जिला कांग्रेस में 15 साल बाद आखिर बुधवार को नए जिलाध्यक्षों की ताजपोशी हो ही गई। पहली बार नगर निगम उत्तर-दक्षिण की तर्ज पर अलग-अलग जिलाध्यक्ष बनाए गए हैं। शहर जिला (उत्तर) में सलीम खान और दक्षिण में पार्षद नरेशचंद्र जोशी कांग्रेस जिलाध्यक्ष होंगे। देहात कांग्रेस में बिलाड़ा विधायक हीराराम मेघवाल को ही बरकरार रखा गया है। अब तक सईद अंसारी जिलाध्यक्ष थे, हालांकि पिछले साल जिला कार्यकारिणी भंग कर दी गई थी।
जिलाध्यक्ष पद को लेकर पूर्व महापौर रामेश्वर दाधीच, संगीत नाटक अकादमी के पूर्व अध्यक्ष रमेश बोराणा, मजीद गौरी, सुनील व्यास जैसे कई नेता कतार में थे, लेकिन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दोनों ही नए चेहरों को कमान सौंप सभी को चौंका दिया। स्टेडियम क्षेत्र में सलीम खान को अध्यक्ष बनाए जाने के बाद आतिशबाजी की गई। शाम को कांग्रेस दफ्तर पहुंचे सलीम का कई लोगों ने स्वागत कर बधाई दी।
---
पहली बार तीन जिलाध्यक्ष
पहली बार जिले में तीन जिलाध्यक्ष होंगे। देहात के अलावा दो नगर निगम के लिहाज से शहर में दो जिलाध्यक्ष बनाए गए हैं।
Published on:
01 Dec 2021 11:00 pm
