
सस्ता सोना दिलाने का झांसा देकर ऐंठे 5.50 लाख रुपए
जोधपुर. बच्चों की शादी के लिए सस्ता सोना दिलाने का झांसा देकर पिता-पुत्र महामंदिर चौराहे पर एक व्यक्ति से 5.50 लाख ऐंठ कर चंपत हो गए। तलाश के बाद पीडि़त महामंदिर थाने पहुंचा और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया।
पुलिस के अनुसार मेड़ता सिटी निवासी प्रकाशचंद पुत्र बंशीलाल माली ने नागौर के मुन्नालाल व उसके पुत्र के खिलाफ 5.50 लाख रुपए धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया। ट्रेवल एजेंसी का कार्य करने वाले प्रकाश का आरोप है कि छह माह पहले उसकी जान-पहचान मुन्नालाल से हुई थी। तब उसने आवश्यकता होने पर होलसेल दर पर सस्ता सोना दिलाने की बात की थी। इस बीच, दो पुत्र-पुत्री की शादी नजदीक होने पर गत दिनों प्रकाश ने उससे सोना लेने के लिए बात की।
गत पांच मार्च को वह गाड़ी लेकर नागौर पहुंचा और मुन्नालाल व उसके पुत्र को लेकर रात को महामंदिर चौराहा पहुंचे, जहां पिता-पुत्र को उसने 5.50 लाख रुपए दिए। आरोपियों ने पन्द्रह-बीस मिनट में सोना लेकर आने का झांसा दिया और वहां से निकल गए। काफी देर तक दोनों नहीं लौटे तो प्रकाश ने फोन लगाया, लेकिन वो स्विच ऑफ मिला। पीडि़त घबरा गया और नागौर व संबंधित जगह तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं लगा। उलटा उसके सस्ता सोना दिलाने के नाम पर ठगी में लिप्त होने की जानकारी मिली। तब वह थाने पहुंचा और मामला दर्ज कराया।
Published on:
15 Mar 2021 07:27 pm
