जोधपुर। जिले के एक गांव की 16 साल की लड़की की पांच लाख रुपए के बदले 45 वर्षीय व्यक्ति से जबरन शादी करवाए जाने की सूचना पर शुक्रवार को ग्रामीण पुलिस हरकत में आई, लेकिन न तो किशोरी का पता लग पाया और न ही विवाह स्थल मिल पाया। किशोरी का पता लगाया जा रहा है। दरअसल, प्रशासन के पास एक लिखित शिकायत मिली। जिसमें आरोप लगाया गया कि बरजासर गांव की 16 साल की लड़की की शादी 45 साल के व्यक्ति से करवाई जा रही है।
यह शादी बीकानेर के पांचू थानान्तर्गत जांगलू में होना बताया था। बदले में किशोरी के माता-पिता व मौसी-मौसा ने पांच लाख रुपए लिए हैं। शादी के लिए किशोरी को जबरन विवाह स्थल ले जाया गया है। जिला कलक्टर व पुलिस अधीक्षक के पास शिकायत पहुंची तो आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। लोहावट थाना पुलिस किशोरी के घर पहुंची, लेकिन किशोरी व उसके माता-पिता नहीं मिले। इस बीच, पुलिस को केलनसर गांव में किशोरी की शादी करवाए जाने का पता लगा। चाखू थाना पुलिस ने केलनसर गांव में तलाशी ली, लेकिन वहां भी ऐसी शादी होना नहीं पाया गया।
सोशल मीडिया में दावा, शादी हो गई
उधर, एक युवती ने इंस्टाग्रम पर मैसेज अपलोड कर दावा किया कि 16 साल की लड़की की शादी 45 साल के व्यक्ति से कर दी गई है। माता-पिता व मौसी-मौसा ने पांच लाख रुपए लेकर शादी करवाई है। इस युवती ने किशोरी को बालिका गृह भिजवाने और शादी करवाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। आयोग की अध्यक्ष का दावा, किशोरी को संरक्षण दिया । राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष संगीता बेनीवाल ने सोशल मीडिया में एक वीडियो अपलोड किया। जिसमें उन्होंने कहा कि नाबालिग की अधिक उम्र के व्यक्ति से शादी की शिकायत मिली थी। जिला कलक्टर को अवगत कराया गया। उन्होंने एसपी को कार्रवाई के लिए कहा है। शादी रूकवाते हुए बच्ची को संरक्षण दिया गया।
नाबालिग लड़की की शादी बड़े उम्र के व्यक्ति से करवाए जाने के संबंध में गोपनीय शिकायत मिली है। जिसका वैरिफाई करवाया जा रहा है। संबंधित अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
धर्मेन्द्रसिंह, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जोधपुर।