
बादल-बरसात के मौसम से दिन का पारा लुढक़ा
जोधपुर. पश्चिमी विक्षोभ के असर से पिछले दो दिन से बादल-बरसात के मौसम का असर शनिवार को भी देखने को मिला। दिनभर शीतल हवा बहने से अधिकांश स्थानों पर दिन का तापमान पैंतीस डिग्री से नीचे रिकॉर्ड किया गया। चितौडगढ़़ 35 डिग्री के साथ सर्वाधिक गर्म स्थान रहा। मौसम विभाग के अनुसार अब आसमां साफ होने से तापमान में बढ़ोतरी होगी।
सूर्यनगरी में शनिवार सुबह से ही हवा चल रही थी जिससे भोर में गुलाबी सर्दी महसूस हुई हालांकि न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री रहा। सूरज निकलने के बाद मौसम में तपिश बढऩे लगी। दोपहर में तीखी धूप के कारण शहरवासियों को पंखे लगाने पड़े। दोपहर में पारा 34.5 डिग्री रहा। शाम सुहानी रही। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम देखने को मिला। जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 17.3 व अधिकतम 32.3 डिग्री रहा वहीं बाड़मेर में रात का पारा 20 और दिन का 34.8 डिग्री मापा गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह मारवाड़ के कई हिस्सों में पारा चालीस डिग्री के पास पहुंचने का पूर्वानुमान है जिससे गर्मी बढ़ेगी।
Published on:
13 Mar 2021 07:49 pm
