
Rajasthan Weather: ठंडी हवा से दिन में ठिठुरन
जोधपुर. प्रदेश में ठंडी हवा के झौंकों ने सोमवार को दिनभर ठिठुरन बनाए रखी। धूप में भी सर्दी का अहसास होता रहा। पर्वतीय स्थल माउंट आबू में पारा जमाव बिंदू से नीचे माइनस 0.4 डिग्री रहा। वहां घरों के बाहर खुले में रखे पानी में बर्फ की पपडिय़ां तैरनी लग गई। पेड़-पौधों की पत्तियों पर भी ओंस जम गई। जैसलमेर में पारा 7.4 डिग्री रहा। वहां भी तेज जाड़ा रहा। बाड़मेर और जोधपुर के फलोदी में भी तापमान दस डिग्री से नीचे आ गया। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह कड़ाके की सर्दी रहेगी। सप्ताहांत में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बादलों की आवाजाही होगी।
सूर्यनगरी में सोमवार को न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री रहा। तापमान अधिक होने के बाजवूद बीती रात से चल रही ठंडी हवा ने सर्दी बढ़ा दी। रुक-रुक आ रही उत्तरी ठंडी के झौंकों ने शहरवासियों को ठिठुरा दिया। सूरज के दर्शन भी देरी से हुए। सर्दी से बचाव के लिए लोगों ने धूप सेकनी चाही लेकिन ठंडी हवा धूप में भी ठिठुरन का अहसास करा रही थी। दिनभर सर्दी का मौसम बना रहा, जिससे शहरवासियों को अब दिन में भी स्वेटर व गर्म कपड़े पहनकर रखने पड़े। दोपहर में तापमान 24.5 डिग्री रहा।
ग्रामीण हिस्सों में तेज सर्दी रही। फलोदी में न्यूनतम तापमान 9.8 व अधिकतम 25.2 डिग्री रहा। जैसलमेर और बाड़मेर में रात का पारा क्रमश: 7.4 व 9.9 और दिन का 22.1 व 26.1 डिग्री मापा गया।
Published on:
14 Dec 2020 08:27 pm
