
वीडियो : गौतम उडेलिया/जोधपुर. माक्र्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी युनाइटेड का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन रेजीडेंसी रोड स्थित गांधी शांति प्रतिष्ठान केंद्र सभागार में संपन्न हुआ। सम्मेलन में पार्टी के जोधपुर, जयपुर, कोटा, पाली, उदयपुर, किशनगढ़, भवानीमंडी, अलवर, अजमेर आद विभिन्न जिलों से प्रतिनिधियों ने शिरकत की। झंडारोहण की रस्म के साथ सम्मेलन का विधिवत उद्घाटन पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कुलदीपसिंह ने किया। कुलदीप सिंह ने कहा कि पूंजीवाद ने हमेशा संकट से उबरने के लिए व्यक्तियों का शोषण किया है। वैश्विक पूंजीवाद के इस निरंतर जारी संकट के फलस्वरूप वैश्विक स्तर पर और अलग अलग देशों के स्तर पर भी आर्थिक असमानताएं और बढ़ी हैं। उन्होंने देश में बढ़ रहे साम्प्रदायिक माहौल पर चिंता व्यक्त की। सम्मेलन में केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार 11 नवंबर को केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नई दिल्ली में धरना प्रदर्शन करने का निर्णय किया गया है। सम्मेलन में राजनैतिक प्रस्ताव व पार्टी कार्यक्रम को अपडेट करने संबंधी प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई।