
jodhpur congress, sayed ansari, Rajasthan Ka Ran, raj election 2018, Rajasthan Elections 2018, elections in Rajasthan, jodhpur news, jodhpur news in hindi
अभिषेक बिस्सा/जोधपुर.शहर जिला कांग्रेस कमेटी में लंबे समय से जिलाध्यक्ष की कमान संभाल रहे सईद अंसारी का कहना है कि पिछले पांच साल में भाजपा की सरकार में जोधपुर का विकास थम गया है। जो काम पिछली अशोक गहलोत सरकार में हुए, वैसा एक भी काम इस बार नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में ऐसे कई काम थे, जो अब तक पूरे हो सकते थे, लेकिन उन्हें जानबूझकर अटकाया गया। पेश है, उनसे बातचीत के प्रमुख अंश...।
- कांग्रेस इस बार किन मुद्दों पर चुनाव लड़ रही है?
अंसारी- मुद्दे बहुत हैं, जितने वादे किए गए, एक भी पूरे नहीं हुए। जीएसटी ने छोटे-बड़े व्यापारियों को सडक़ पर लाकर खड़ा कर दिया। पानी की कम आवक से लोग परेशान हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ही राजीव गांधी लिफ्ट कैनाल लाए थे। अब झूठ बोला जा रहा है कि क्लोजर है, जबकि आगे से पानी नहीं आ रहा। सरकारी स्कूलों में शौचालय बना दिए गए, लेकिन पानी नहीं है। गांधी अस्पताल की न्यू आउटडोर अब तक शुरू नहीं हो पाई। बरसाती पानी की निकासी का समुचित प्रबंध नहीं है। नगर निगम, जेडीए और पीडब्ल्यूडी के पास पैसा नहीं है। सडक़ें उधड़ी पड़ी हैं।
- एंटी इनकमबेंसी का कितना प्रभाव रहेगा?
अंसारी- माहौल हर तरह से कांग्रेस के पक्ष में है। जो सीटें पहले नहीं आई थी, वे सीट भी इस बार लाएंगे। भाजपा के राज से जनता त्रस्त हो चुकी है। मतदाता इस बार उन्हें सबक सिखाएंगे।
- कांग्रेस बूथ को कैसे मजबूत कर रही है?
अंसारी- कांग्रेस ने हर बूथ पर 10 से 15 प्रशिक्षित कार्यकर्ता तैयार किए हैं। जिस बूथ पर हम कमजोर हैं, वहां हम लगातार बैठकें कर रहे हैं। जहां अच्छे मत मिले, वहां भी पूरा ध्यान हैं।
- कई बूथ ऐसे हैं जहां पिछली बार कांग्रेस कमजोर रही, इसके लिए क्या रणनीति?
अंसारी- सभी वार्डों से मतदाता सूची आ चुकी है। प्रत्येक भाग के दो टुकड़े कर दिए हैं, ताकि ढंग से कार्य हो। इन जगहों पर हमारे कार्यकर्ता पूरी तरह से जुट चुके हैं।
- युवाओं और महिलाओं की भागीदारी कितनी होगी बूथ टीम में?
अंसारी- युवाओं व महिलाओं को साथ लेकर हमारी टीम काम रही हैं। युवाओं की भागीदारी सर्वाधिक है। महिलाओं की भी भागीदारी रखी गई है।
-चर्चा है कि युवा वर्ग का भाजपा की तरफ झुकाव है, इस पर क्या कहेंगे आप?
अंसारी- पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी युवाओं के चहेते थे, वे ही मतदाता की उम्र 18 पर लाए थे। ताकि लोकतंत्र में उनकी भागीदारी बढ़े।
- क्या आप भी चुनाव लड़ेंगे, दूसरे जिलाध्यक्षों का मूड क्या है?
अंसारी- दूसरों का कुछ नहीं कहूंगा, मैं इस बार चुनाव नहीं लड़ूंगा, बल्कि चुनाव लडवाउंगा। ये मेरा निर्णय है।
- कोई बागी या नाराज होता है तो उसको मनाने के लिए क्या बैकअप प्लान रहेगा?
अंसारी- सच्चा कांग्रेसी बागी नहीं बनेगा। अगर कोई खड़ा होगा तो उससे समझाइश करेंगे, नहीं मानेगा तो लोकतंत्र है।
- जातिवाद फेक्टर कितना हावी रहेगा टिकट वितरण और चुनाव में?
अंसारी- हमारे यहां जातिवाद फैक्टर नहीं देखा जाता। सभी कौम को साथ लेकर चलने की भावना से टिकट दिया जाता है। मेरा अनुभव है, कई जगह जाति वाले भी वोट नहीं देते।
- भाजपा के राज में जोधपुर का कितना विकास हुआ?
अंसारी- मुख्यमंत्री को जोधपुर के नाम से चिढ़ है। वे कहती है कि जोधपुर में बहुत कुछ मिल गया। हकीकत यह है कि पिछले पांच साल में जोधपुर का विकास रुक गया है।
- सोशल मीडिया पर भाजपा का फ ोकस है, इसको लेकर कांग्रेस की क्या रणनीति है?
अंसारी- डिजिटल क्रांति राजीव गांधी लाए थे, लेकिन सर्वाधिक उपयोग भाजपा कर रही है। अब हम भी इस पर काम कर रहे हैं।
- एक प्रश्न सभी के दिमाग में चल रहा है कि कांग्रेस सत्ता में आई तो अगला सीएम कौन होगा? क्या आप भी चाहते हैं कि अशोक गहलोत सीएम बने?
अंसारी- अशोक गहलोत के सीएम बनने पर मुझे ही नहीं बल्कि पूरे जोधपुर को खुशी होगी। इस बार चुनाव में सीएम का कोई चेहरा नहीं होगा। विधायक चुने जाने के बाद सीएम तय होगा।
- शहर व सूरसागर विधानसभा क्षेत्र में जीत के लिए क्या रणनीति रहेगी?
अंसारी- इन दोनों सीट पर भी हम जीत की पताका फहराएंगे। टिकट के सभी अधिकार पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को सौंप दिए हैं। वे ही सब तय करेंगे। मैंने किसी का बायोडेटा नहीं लिया। हमने उन पर छोड़ दिया है।
Published on:
26 Oct 2018 02:35 pm
