
बकाया जमा करवाते ही कनेक्शन कट गया, अब कोर्ट के आदेश भी अनसुने
जोधपुर।
लॉकडाउन अवधि में उद्योग बंद रहे तो बिजली का बिल नहीं भरा। डिस्कॉम ने वसूली के प्रयास किए और नोटिस जारी किए। जब राशि जमा करवा दी तो डिस्कॉम ने कनेक्शन तक काट दिए। न्यायालय उपखंड अधिकारी ने डिस्कॉम को पुन: नियमानुसार कनेक्शन करने के आदेश जारी किए हैं। इस प्रकरण में आदेश बाद भी अधिकारी पालना नहीं करने पर प्रार्थी सोमवार को उच्चाधिकारियो से मिले और पूरे प्रकरण से अवगत करवाया।
दरअसल, बासनी क्षेत्र में फैक्ट्री संचालित करने वाले निलेश व अनिल भंसाली की ओर से न्यायालय में वाद दायर किया था। इसमें बताया कि लॉकडाउन अवधि में उद्योग बंद थे तो बिजली बिल नहीं भर पाए। डिस्कॉम से नोटिस जारी और राशि एकसाथ जमा करवाई। डिस्कॉम ने माना कि राशि जमा हो गई है, लेकिन फिर भी कनेक्शन काट दिया। अब उद्योगों को सुचारु चलाने के लिए न्यायालय ने प्रबंध निदेशक जोधपुर डिस्कॉम को आदेश दिए हैं लंबित राजस्व प्रभार का भुगतान करने पर प्रार्थी के कनेक्शन कर दिए जाएं। इन आदेशों की पालना के लिए सहायक अभियंता के पास गए, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
इनका कहना...
अभी शहर से बाहर हूं, यह मामला न्यायालय में था, आदेश यदि आ गए हैं तो मामले को दिखवाते हैं।
- राजेश शर्मा, सहायक अभियंता, जोधपुर डिस्कॉम
इस मामले में पूरी जानकारी लेता हूं। न्यायालय ने निर्णय कर दिया है तो उसकी पालना सुनिश्चित करवाएंगे।
- ओ.पी सुथार, अधिशासी अभियंता, जोधपुर डिस्कॉम
Published on:
01 Feb 2021 05:23 pm
