
दो वर्षीय पुत्री के साथ दम्पती ने ट्रेन से कटकर दी जान
जोधपुर.
कुड़ी भगतासनी थानान्तर्गत विवेक विहार के पीछे भोमियाजी नगर रेलवे फाटक के पास बुधवार देर रात एक दम्पती ने दो वर्षीय पुत्री के साथ मालगाड़ी से कटकर जान दे दी। आत्महत्या का कारण पता नहीं लग पाया। लेकिन मृतकों के पास पैतृक सम्पत्ति संबंधी दस्तावेज मिले है।
पुलिस के अनुसार सांगरिया रेलवे फाटक से कुछ आगे भोमियाजी नगर की रेलवे फाटक के पास बुधवार रात पौने ग्यारह बजे दम्पती व मासूम पुत्री के चपेट में आने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो रेलवे ट्रैक के पास पति-पत्नी व मासूम पुत्री के शव नजर आए। जो मालगाड़ी ट्रेन की चपेट से कट चुके थे। मृतकों के पास पहचान पत्र मिले। जिनसे मृतकों की पहचान सालावास में सांखलों का बास निवासी महेन्द्र (28) पुत्र अम्बालाल सांखला, उसकी पत्नी संजू (23) और पुत्री लक्षिता (2) के रूप में हुई। पुलिस ने परिजन को सूचना दी। प्रारम्भिक जांच के बाद तीनों शव मोर्चरी भिजवा दिए गए।
एएसआइ हनवंत का कहना है कि युवक का शव कटकर दो टुकड़ों में बदल गया था। इससे प्रथम दृष्टया मामला सामूहिक आत्महत्या का प्रतीत होता है। दम्पती ने मासूम पुत्री के साथ मालगाड़ी ट्रेन के आगे कूदकर जान दी है। आत्महत्या का कारण फिलहाल सामने नहीं आया है, लेकिन अंदेशा है कि घरेलू परेशानी के चलते दम्पती ने यह कदम उठाया होगा।
रेलवे ट्रैक के पास मिली मोटरसाइकिल
पुलिस का कहना है कि रेलवे ट्रैक से कुछ दूरी पर मृतक महेन्द्र की मोटरसाइकिल खड़ी मिल गई। इससे अंदेशा है कि दम्पती अपनी पुत्री के साथ मोटरसाइकिल पर वहां आए होंगे। रेलवे ट्रैक के पास झाडिय़ों में बाइक खड़ी कर मालगाड़ी के आगे लेटकर जान दे दी होगी।
Published on:
26 Aug 2021 01:43 am
