
jodhpur crime file, farmer commits suicide, Woman commits suicide, fire in jodhpur, road accident in jodhpur, jodhpur crime news, jodhpur news, jodhpur news in hindi
कृषक ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
जोधपुर. करवड़ थानान्तर्गत माणकलाव के पास रेलवे फाटक पर एक कृषक ने मालगाड़ी के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। परिजन के आग्रह पर पुलिस ने बगैर पोस्टमार्टम शव परिजन को सौंपा। थानाधिकारी राजूराम बामणिया के अनुसार पीपाड़ शहर में नानण गांव में भैरजी की ढाणी निवासी पप्पुराम पुत्र गोरधनराम माली मथानिया में ट्यूबवेल पर कृषि कार्य करता था। वह सोमवार देर रात माणकलाव के पास स्थित रेलवे फाटक के पास पहुंचा, जहां वह जैसलमेर से जोधपुर आ रही मालगाड़ी के आगे कूद गया। उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। देर रात पुलिस घटनास्थल पहुंची। शिनाख्त होने पर परिजन को भी बुलाया गया। उन्होंने किसी भी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया। इस पर मृतक के भाई नेमाराम की तरफ से मर्ग दर्ज किया गया। साथ ही बगैर पोस्टमार्टम शव सुपुर्द किया गया।
---------
ड्यूटी से लौट रहे युवक को ट्रक ने कुचला, मौत
आखलिया चौराहे के पास तेज रफ्तार और लापरवाही से आए एक ट्रक की चपेट से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मूलत: पाली में जोजावर हाल संजय गांधी कॉलोनी निवासी फतेहचंद सांखला (30) पुत्र शेषाराम जीनगर सोमवार रात ड्यूटी के बाद ऑफिस से मोटरसाइकिल पर घर लौट रहा था। देर रात आखलिया चौराहा पहुंचने पर तेज रफ्तार व लापरवाही से आए ट्रक ने उसे चपेट में ले लिया। सिर में चोट से खून अधिक बहने से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाया, जहां मंगलवार को कार्रवाई के बाद परिजन को सौंपा गया। मृतक के ससुर सोहनलाल की तरफ से मामला दर्ज किया गया है।
----------
महिला ने फंदा लगाकर दी जान
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के सेक्टर 5 स्थित मकान में मंगलवार तडक़े एक महिला ने चुन्नी से पंखे के हुक पर फंदा लगाकर जान दे दी। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं लग पाया है। देवनगर थाना पुलिस के अनुसार चौहाबो में सेक्टर 5 निवासी स्वाति उर्फ मोनिका (32) मूलचंदानी पत्नी भगवानदास सिंधी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार तडक़े चार बजे पुत्र ने उसे कमरे में पंखे के हुक पर फंदे से लटका देखा तो पिता को आवाज लगाई। उसे फंदे से उतारकर दोनों मथुरादास माथुर ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। अहमदाबाद में रहने वाले पीहर पक्ष को सूचित कर पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस ने फिलहाल मर्ग दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मृतका व परिवार के सदस्य खाना खाने के बाद सोमवार रात सोने चले गए थे। महिला व पुत्र एक कमरे में सोने गए थे, लेकिन रात को पुत्र दूसरे कमरे में चला गया था। वह तडक़े चार बजे उठा तो मां को फंदे पर लटका पाया। मृतका की दस-बारह साल पहले शादी हुई थी।
---------
चाकू से हमले में युवक घायल
नागौरी गेट थानान्तर्गत सिंधी साहबजादों का मोहल्ला में आपसी रंजिश से उपजे झगड़े में एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। आरोपी पकड़ में नहीं आया है। पुलिस के अनुसार सिंधी साहबजादों का मोहल्ला निवासी सोहैल पुत्र मोहम्मद सैराज अली गत शनिवार को ऊन गोदाम के पास से निकल रहा था। तब एक युवक ने उसका रास्ता रोका और झगड़ा करने लगा। उससे सोहैल का पुराना विवाद है। आरोपी उसके साथ झगड़े पर उतर आया। विवाद बढऩे पर आरोपी ने चाकू निकाला और सोहैल पर हमला कर दिया। वह घायल हो गया तो आरोपी भाग निकला। बाद में घायल को अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार कराया गया। घायल के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की है।
----------
युवती से चाकू से हमले की एफआइआर दर्ज
शास्त्रीनगर थानान्तर्गत कॉक्स कुटीर क्षेत्र स्थित भूखण्ड पर कब्जे को लेकर चल रहे विवाद में युवती पर चाकू से वार करने मारपीट के संबंध में पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली। पुलिस के अनुसार मूलत: पीपाड़ शहर हाल कॉक्स कुटीर निवासी महिला की शिकायत पर भूखण्ड पर बने कमरे में घुसकर पुत्री से चाकू से वार करने का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि गत 30 दिसम्बर की तडक़े तीन बजे मां-पुत्री घर में सो रही थी। तब कुछ युवक जबरन अंदर घुसे और पुत्री से मारपीट की। आरोपियों ने चाकू से वार भी किए। जिससे उसके हाथ पर खरोंचें आईं। महिला ने पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) के समक्ष परिवाद पेश कर कार्रवाई न होने का आरोप लगाया। इस आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। महिला ने तीन व्यक्तियों पर संदेह व्यक्त किया है। पुलिस का कहना है कि इस भूखण्ड पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है।
----------
आधी रात बाइक को आग लगाई
शहर के भीतर उम्मेद चौकी की गोल नाडी के पास मकान के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल में सोमवार रात करीब दो बजे आग लग गई। आवाज होने पर घरवाले जागकर बाहर आए और पानी डालकर आग बुझाई, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी। किराए पर रहने वाले बाइक मालिक को अंदेशा है कि किसी ने जानबूझकर आग लगाई है। सदर कोतवाली थाना पुलिस भी मौके पर आई। आग लगाने वाले का पता नहीं चल पाया है।
Published on:
02 Jan 2019 04:21 pm
