9 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

क्राइम फाइल : केमिकल टैंकर में आग से फैली सनसनी, ठगी और चोरी की इन घटनाओं से दहशत में जोधपुर

मण्डोर, नागौरी गेट व शास्त्रीनगर स्थित अग्निमशन केन्द्र से दमकलें मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गईं।
5 min read
Google source verification
crime news of jodhpur

क्राइम फाइल : केमिकल टैंकर में आग से फैली सनसनी, ठगी और चोरी की इन घटनाओं से दहशत में जोधपुर

केमिकल से भरा टैंकर पलटा, रिसाव से आग

जोधपुर. मण्डलनाथ-करवड़ बाइपास पर रलावास फांटा के पास रविवार देर रात केमिकल से भरे टैंकर में पलटने के बाद रिसाव से आग लग गई। देर रात तक दमकलें आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही थी। करवड़ थाने के उप निरीक्षक कैलाश के अनुसार रात करीब बारह बजे टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद चालक उतरकर भाग निकला। टैंकर से रिसाव शुरू हो गया और कुछ देर बाद उसमें आग लग गई। वहां से निकल रहे वाहन चालकों ने पुलिस व दमकल को सूचना दी। मण्डोर, नागौरी गेट व शास्त्रीनगर स्थित अग्निमशन केन्द्र से दमकलें मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गईं।
------

लोडिंग टैक्सी से काजू चुराए
सदर कोतवाली थानान्तर्गत तूर जी का झालरे के पास कुछ युवकों ने चलते लोडिंग टैक्सी में चढकऱ चाकू से कार्टन फाड़ छह किलो काजू चुरा लिए। कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार नया तालाब निवासी अब्दुल मजीद की किराणा की एक दुकान शहर के भीतर पान की गली में है। गत 4 मई को मण्डोर मण्डी से सूखे मेवे लेकर लोडिंग टैक्सी लेकर दुकान आ रहा था। तुरजी का झालरे के पास पहुंचने पर दो जने टैक्सी में चढ़े। तीन जने पीछे-पीछे दौड़ रहे थे। टैक्सी में चढऩे वाले युवकों ने चाकू से कार्टन फाडकऱ छह किलो काजू चुरा लिए। दुकान पहुंचने पर कार्टन में चीरा लगा होने व काजू गायब होने का पता लगा।
------

जागरण से लौट रहे दो भाइयों पर डम्पर चढ़ाने का प्रयास
रातानाडा थानान्तर्गत पाबुपूरा में बजरी से भरे डम्पर से बिजली के तार छूने से टोकने पर चालक ने दो भाइयों पर डम्पर चढ़ाने की कोशिश की। पुलिस ने जानलेवा हमले का मामला दर्ज कर चालक को गिरफ्तार कर डम्पर जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार शहर के भीतर केसरिया कंवर मंदिर के पास निवासी राहुल पुत्र आइदान नायक रात को रिश्ते के भाई रोहन के साथ पाबुपूरा में जागरण से लौट रहे थे। पाबुपूरा गुजर रहे बजरी के डंपर से बिजली का तार छूते देख दोनों ने चालक को टोका और ध्यान से चलाने की नसीहत दी। इससे चालक आक्रोशित हो गया और उसने दोनों पर डम्पर चढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन गनीमत रही कि दोनों बच गए। बाद में उन्होंने पुलिस को सूचना दी। गश्त कर रही पुलिस ने डंपर जब्त कर लिया। साथ ही जानलेवा हमला व एमएमएआरडी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फींच गांव निवासी ओमाराम बिश्नोई को गिरफ्तार किया।
------

होटल में कमरा बुक कराने के नाम 40 हजार की ठगी
आखलिया चौराहे के पास स्थित होटल में कमरा बुक कराने के पर अज्ञात व्यक्ति ने चालीस हजार रुपए खाते से निकाल लिए। प्रतापनगर थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आखलिया चौराहे के पास स्थित होटल पवित्रास में कैशियर कमला नेहरू नगर निवासी अर्जुनप्रसाद रांकावत के पास शनिवार को एक व्यक्ति ने फोन कर कमरा बुक कराने और किराया तय होने के बाद पेटीएम से भुगतान करने की बात की। उसने कैशियर को एक लिंक भेजा। जिस पर लाइक करते ही होटल के खाते से चालीस हजार रुपए निकाल लिए गए।
------

मनरेगा में महिला श्रमिक की मजदूरी हड़पी

केरू गांव में मनरेगा की महिला श्रमिक की ग्यारह दिन की मजदूरी किसी ने हड़प ली। केरू गांव के विकास अधिकारी की तरफ से राजीव गांधी नगर थाने में मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि मनरेगा में सुगनी देवी के 11 दिन की मजदूरी 880 रुपए फर्जी तस्दीक के उठा लिए गए। महिला को यह भुगतान नहीं मिल पाया। ग्राम विकास अधिकारी की शिकायत में सुमेरसिंह व रूपाराम पर संदेह व्यक्त किया गया है।

------

सोने की अंगूठी खरीदने का झांसा, नब्बे हजार रुपए ऐंठे
महामंदिर थानान्तर्गत मारवाड़ नगर बी में अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल पर सोने की अंगूठी खरीदने का झांसा देकर खाते से नब्बे हजार रुपए ऐंठ लिए। पुलिस के अनुसार मारवाड़ नगर बी सेवा केन्द्र के सामने निवासी मनीष सोनी के मोबाइल में गत नौ मई को एक व्यक्ति का फोन आया। उसने मोबाइल पर सोने की दो अंगूठियां खरीदने के बारे में बात की। इसका भुगतान भी पेटीएम से करने का विश्वास दिलाया। तब उस व्यक्ति ने ज्वैलर को भुगतान करने के बारे में एक लिंक भेजा। झांसे में आए ज्वैलर ने लिंक लाइक किया और कुछ देर बाद खाते से अलग-अलग किस्तों में नब्बे हजार रुपए कम हो गए। तब उसने उस व्यक्ति के मोबाइल पर सम्पर्क करने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं हो पाई।

-------

व्यवसायी के खाते से ऑनलाइन 27 हजार रुपए निकाले
सिवांची गेट गेट स्थित सीमेंट के एक व्यवसायी के खाते से 27 हजार रुपए निकाल लिए। खाण्डा फलसा थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार कमला नेहरू नगर निवासी आनंद प्रकाश की सिवांची गेट में सीमेंट का व्यवसाय है। गत पांच मई को उनके खाते से किसी ने 27197 रुपए निकाल लिए। जबकि उन्होंने किसी को न तो भुगतान किया था और न ही खाते से रुपए निकाले थे। व्यवसायी ने खाते की जानकारी भी किसी को नहीं दी थी।

------

कार से मोबाइल चोरी का आरोपी गिरफ्तार
उदयमंदिर थाना पुलिस ने हाईकोर्ट रोड पर पुलिस कन्ट्रोल रूम के बाहर खड़ी कार से सीमा सुरक्षा बल में डिप्टी कमाण्डेंट का मोबाइल चुराने के आरोपी को रविवार को गिरफ्तार किया। उसने चोरी की आठ वारदातें कबूल की है। थानाधिकारी प्रदीप शर्मा के अनुसार सीमा सुरक्षा बल में डिप्टी कमाण्डेंट पवन कुमार गत नौ मई को खरीदारी करने के लिए पुलिस कन्ट्रोल रूम के पास आए थे। सडक़ किनारे कार खड़ी कर वो बच्चों के खिलौने लेने दुकान में गया था। मोबाइल कार में चार्ज पर लगा था। कुछ देर बाद वो लौटा तो कार से मोबाइल गायब था।उसने उदयमंदिर थाना पुलिस को सूचना दी। सीसीटीवी फुटेज में मोबाइल चुराने वाला युवक नजर आ गया। जिसके आधार पर तलाश शुरू की गई। जांच व तलाश के बाद पुलिस ने रविवार को न्यू चांदपोल रोड पर बकरा मण्डी निवासी मोहम्मद अशफाक शाह उर्फ अशफाक शाह उर्फ इमरान (20) पुत्र सलाम शाह को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि उसने अब तक आठ मोबाइल चुराए हैं। वह रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म, बस स्टैण्ड और सडक़ किनारे खड़े वाहनों में रखे मोबाइल चुराता है।

-----

लेन-देन के विवाद में वृद्ध पर धारदार हथियार से हमला
भूखण्ड बेचान को लेकर चल रहे विवाद में रविवार रात उदयमंदिर थानान्तर्गत गब्बू खां का चौक में दो लोग भिड़ गए। नारियल काटने के धारदार चाकू से हमले में एक वृद्ध गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने हमले के आरोपी पूर्व पार्षद के पति को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी प्रदीप शर्मा के अनुसार अब्दुल कादिर (60) व नियाज मोहम्मद में लेन-देन का विवाद है। इसको लेकर दोनों रात को एक-दूसरे को पीटने लगे। इस दौरान नियाज मोहम्मद ने धारदार चाकू निकाला और अब्दुल कादिर पर तीन वार कर दिए। हमलावर नियाज मोहम्मद के भी दांत टूट गए। अब्दुल कादिर के धायल होते ही हमलावर भाग निकला। लोगों ने परिजन को सूचित कर घायल को महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जाती है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।

-------

मॉल से खरीदारी कर लौट रही महिला से चेन लूटी
बासनी थानान्तर्गत सरस्वती नगर में मॉल से शॉपिंग करने के बाद पति संग घर लौट रही महिला के गले से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने सोने की चेन लूट ली। दोनों लुटेरों का कोई सुराग नहीं लग पाया। उप निरीक्षक भंवरसिंह के अनुसार मूलत: उत्तर प्रदेश हाल बासनी गांव में रेलवे फाटक के पास निवासी पंकजसिंह एम्स में रेडियोलॉजिस्ट है। वो अपनी पत्नी प्रियंका सिंह के साथ शनिवार रात नौ बजे सरस्वती नगर स्थित मॉल में शॉपिंग करने के बाद पैदल घर लौट रहे थे। सरस्वती नगर सेक्टर ए मोड़ के पास बाइक पर आए दो युवकों ने प्रमिला सिंह के गले में झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट कर भाग निकले। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज देख लुटेरों की तलाश शुरू की है।

बड़ी खबरें

View All

जोधपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग