
- सरदारपुरा थाना पुलिस ने तीन व्यक्तियों को किया गिरफ्तार- लूट का 93 ग्राम सोना, 2.5 किलो चांदी व 18 हजार रुपए बरामद, बाइक व मोपेड भी जब्त
जोधपुर. सरदारपुरा बी रोड स्थित ज्वैलरी दुकान में ज्वैलर को बंधक बनाकर लूटपाट करने में दुकान का एक ग्राहक और उसका दुकान मालिक शामिल थे। ग्राहक ने लूट की साजिश रची थी। सरदारपुरा थाना पुलिस ने तीसरे दिन वारदात का खुलासा कर तीनों व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रीति चन्द्रा के अनुसार लूट का पर्दाफाश कर जाजीवाल बिश्नोइयान निवासी महिपाल (24) पुत्र भंवरलाल बिश्नोई, बालेसर थानान्तर्गत बेलवा निवासी राजूराम उर्फ राजू (22) पुत्र खेताराम व कांकेलाव निवासी महेश (25) पुत्र रामदास वैष्णव को गिरफ्तार किया गया है। इनकी निशानदेही से लूट का 93 ग्राम सोना, 2.5 किलो चांदी व 18 हजार रुपए बरामद किए गए हैं। ज्वैलर की मोपेड व वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। आरोपी महेश की कांकेलाव स्थित मकान में फैंसी की दुकान है। राजूराम वहां नौकरी करता है। महिपाल को मदद के लिए शामिल किया था।
कार्रवाई में थानाधिकारी लिखमाराम के नेतृत्व में डीएसटी प्रभारी व एसआई सरजिल मलिक, प्रवीण जुगतावत, हेड कांस्टेबल धन्नाराम, कैलाश, राजूराम, महेन्द्र चौधरी, रविन्द्र, बलवीर व प्रेम आदि शामिल थे।
दुकान में अकेले वृद्ध व तिजोरी में जेवर देख बिगड़ी नीयत
थानाधिकारी लिखमाराम का कहना है कि राजूराम ने लॉक डाउन से पहले मॉडर्न ज्वैलर से सोने की अंगूठी खरीदी थी। इस दौरान वृद्ध के अकेले दुकान में बैठने व तिजोरी में जेवर होने से उसकी नीयत खराब हो गई थी। राजू व ज्वैलर कमल के बीच व्हॉट्सएेप पर चैट भी होती थी। उसने फैंसी दुकान मालिक महेश के साथ लूट की साजिश रची। महिपाल को साजिश में शामिल किया था।
एक आरोपी ने पड़ोसी दुकानदार को बातों में लगाया
वारदात के लिए आरोपियों ने पूरी रैकी की थी। लूट के बाद फरार होने के लिए रूट मैप भी तैयार किया था। साजिश के तहत ११ जून को तीनों मोटरसाइकिल पर दुकान पहुंचे। महिपाल ने पड़ोसी दुकानदार को बातों में लगाए रखा था। राजू दुकान में पहुंचा तो वृद्ध दुकानदार ने उसे पहचान लिया था। फिर महेश भी वहां आ गया था। दोनों ने उसे पीछे से पकड़ा और टेप से बांध दिया था। चिल्लाने पर मुंह को टेप से बंद कर दिया था। तिजोरी से सोने के तीन बॉक्स, चांदी की रिंग, ब्रेसलेट, रुपए, वृद्ध दुकानदार का मोबाइल व एक्टिवा और सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर लूटकर ले गए थे। दुकानदार का मोबाइल आरोपियों ने तोडक़र जला दिया था।
Updated on:
15 Jun 2020 10:44 am
Published on:
15 Jun 2020 10:44 am
