
गेहूं न मिलने पर राशन दुकान विक्रेता पर जानलेवा हमला
जोधपुर.
प्रतापनगर संजय बी कॉलोनी स्थित उचित मूल्य की सरकारी दुकान में गेहूं न मिलने पर गुस्साए बाल अपचारी ने साथियों के साथ मिलकर लाठी से जानलेवा हमला कर सिर फोड़ दिया। प्रतापनगर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास व राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कर एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया।
उप निरीक्षक देऊ ने बताया कि संजय बी कॉलोनी निवासी विशाल पुत्र भवानी शंकर शर्मा की कॉलोनी में उचित मूल्य की राशन की सरकारी दुकान है। वह रविवार को दुकान पर बैठकर कार्य कर रहा था। राज्य सरकार ने राशन कार्डों को आधार से सीडिंग कराने का आदेश दे रखा है और उसी के तहत गेहूं का वितरण हो रहा था। राशन कार्ड धारियों को ई-मित्र भेज रहा था। तब जगदम्बा कॉलोनी का एक बाल अपचारी वहां गेहूं लेने आया, लेकिन राशन कार्ड में आधार सीडिंग होने पर राज्य सरकार के आदेशानुसार गेहूं का वितरण न करने की जानकारी दी। इससे वह गुस्सा होकर वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह साथियों के साथ वहां आया और लकड़ी से राशन विक्रेता विशाल पर जानलेवा हमला कर दिया। सिर फटने से वह घायल हो गया। आस-पास के लोग व परिजन घायल को अस्पताल ले गए। पुलिस ने घायल की तरफ से जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया। पुलिस ने एक बाल अपचारी को संरक्षण में लिया। जिसे किशोर न्यायालय ने बाल सुधार गृह भिजवा दिया। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Updated on:
08 Dec 2020 01:04 am
Published on:
08 Dec 2020 01:04 am
