
सीवरेज की सफाई के दौरान हौदी में गिरे युवक की मौत
जोधपुर.
बासनी औद्योगिक क्षेत्र में टैक्सटाइल फैक्ट्रियों से निकलने वाले दूषित पानी से सीवरेज लाइन की सफाई के दौरान बुधवार शाम एक युवक हौदी में गिर गया और उसकी मौत हो गई। हादसे से गुस्साए परिजन मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं।
बासनी थानाधिकारी पाना चौधरी ने बताया कि बासनी की टैक्सटाइल व अन्य फैक्ट्रियों से निकलने वाले कैमिकल और दूषित पानी से सीवरेज लाइनों की साफ-सफाई के लिए ट्रस्ट को ठेका दिया हुआ है। इसके तहत कम्पनी के तीन सफाई कर्मचारी शाम को बासनी औद्योगिक क्षेत्र में स्टील फैक्ट्री के पास सीवरेज की सफाई कर रहे थे। सफाई के लिए इन्होंने जेट मशीन से सीवरेज हौदी से पानी डाला। जिससे हौदी व सीवरेज लाइन साफ हो गई। पानी बह गया। इतने में सांगरिया निवासी धर्मेन्द्र (25) पुत्र अमराराम वाल्मिकी हौदी में गिर गया। उसके साथ वाले दो युवकों ने एकबारगी उसका हाथ पकड़ लिया और लगभग बाहर निकाल दिया, लेकिन धर्मेन्द्र दुबारा हौदी में जा गिरा।
दोनों साथियों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हुए। फिर कम्पनी के कर्मचारी व परिचित वहां आए। पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक अंधेरा हो चुका था। पुलिस ने थाने से ड्रैगन लाइट मंगाई और कुछ देर की मशक्कत के बाद धर्मेन्द्र को बाहर निकाला जा सका, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस का कहना है कि सीवरेज हौदी में गिरने के बाद संभवत: गंभीर चोट या जहरीली गैस से उसकी मृत्यु हुई है। जांच में बाद पुलिस ने शव एम्स मोर्चरी भिजवा दिया।
मुआवजा की मांग
हादसे का पता लगने पर परिजन और समाज के लोग मौके पर पहुंचे। फिर शव एम्स ले जाए जाने पर मोर्चरी के बाहर एकत्रित हुए। उन्होंने मृतक के आश्रित को मुआवजा दिलाने की मांग की।
Updated on:
11 Nov 2021 02:18 am
Published on:
11 Nov 2021 02:18 am
