
पत्नी को नोटिस में तीन बार तलाक-तलाक लिख तलाक दिया
जोधपुर।
प्रतापनगर सदर थानान्तर्गत बरकतुल्लाह खां कॉलोनी के नाडी मोहल्ला में एक व्यक्ति ने नोटिस के मार्फत तीन तलाक-तलाक लिख पत्नी को भेज दिया। पत्नी थाने पहुंची और पति के खिलाफ गैर कानूनी तरीके से तलाक देने का मामला दर्ज करवाया।
थानाधिकारी राजूराम बामणिया ने बताया कि नाडी मोहल्ला निवासी परिना बानो ने मसूरिया के श्रमिकपुरा में सिलावटों का बास निवासी पति मोइन खान पुत्र अब्दुल सत्तार खां के खिलाफ मुस्लिम महिला विवाह अधिकार संरक्षण अधिनियम 2019 की धाराओं में मामला दर्ज कराया है। पीडि़ता का आरोप है कि उसका मोइन खान से निकाह हुआ था। लम्बे समय से दोनों में अनबन चल रही है। जिसके चलते महिला पीहर में रहने को मजबूर है। पीडि़ता ने पति के खिलाफ महिला थाने में प्रताड़ना का मामला दर्ज करवा रखा है। पति के खिलाफ चालान पेश होने के बाद से मामला कोर्ट में विचाराधीन है।
गत दिनों पति ने अपनी पत्नी को एक नोटिस भिजवाया। जिसमें उसने तीन बार तलाक-तलाक का उच्चारण कर पत्नी को तलाक देने का उल्लेख किया था। जो अधिनियम के तहत कानूनन गलत है। पुलिस ने महिला की तरफ से मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
Published on:
29 Jun 2023 11:12 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
