
डोडा पोस्त तस्करी का आरोपी तीन साल बाद गिरफ्तार
जोधपुर.
डांगियावास थाना पुलिस ने डोडा पोस्त तस्करी के तीन साल पुराने मामले में वंाछित तस्कर को चित्तौडग़ढ़ में निम्बाहेड़ा सदर क्षेत्र में गांव से गिरफ्तार किया। वह थाने के टॉप-१० वांछित बदमाशों में शामिल था।
थानाधिकारी लीलाराम के अनुसार २७ अक्टूबर २०१७ को ट्रक में सीमेंट के कट्टों के बीच छुपाकर लाया जा रहा ६१६ किलो डोडा पोस्त जब्त कर पीपाड़ शहर थानान्तर्गत खोखरिया निवासी चालक दिनेश पुत्र मांगीलाल बिश्नोई और कार में एस्कॉर्ट कर रहे सुनील व तिलवासनी निवासी श्रवण उर्फ बंटी को गिरफ्तार किया गया था। डेढ़ लाख रुपए भी जब्त किए गए थे। कार मालिक पीथावास निवासी पप्पुराम बिश्नोई व डोडा पोस्त की खरीद-फरोख्त में शामिल सुरजाराम बिश्नोई को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। यह डोडा पोस्त धीमाराम बिश्नोई के लिए लाया जा रहा था। इस पर उसे भी गिरफ्तार किया गया था।
इस मामले में निम्बाहेड़ा सदर थानान्तर्गत पेमंदिया खेड़ा अरनोदा निवासी अशोक धाकड़ भी शामिल था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गुरुवार को गांव में दबिश देकर धाकड़ को पकड़ लिया। उसे शुक्रवार को जोधपुर लाकर गिरफ्तार किया गया।
Published on:
27 Jun 2020 01:23 am
