
जोनल प्लान के ड्राफ्ट आपत्तियों- सुझावों के लिए जारी होंगे
जोधपुर।
सम्भागीय आयुक्त एवं अध्यक्ष जोधपुर विकास प्राधिकरण डॉ. राजेश शर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को प्राधिकरण बैठक हुई। इसमें जोन पश्चिम डब्ल्यू-2 के प्रारूप जोनल डवलपमेंट प्लान पर प्राप्त आपत्तियों एवं सुझावों के निस्तारण के बाद अन्तिम जोनल प्लान के अनुमोदन की अनुशंषा की गई, जिसे सहमति दी गई। साथ ही बैठक में जोन पूर्व पार्ट ई-2, जोन दक्षिण पार्ट एस-2, जोन उत्तर (पार्ट एन-1, एन-2), जोन पूर्व, पश्चिम एवं दक्षिण के पार्ट ई-1, डब्ल्यू-1, एस-1 के जोनल डवलपमेंट प्लान ड्राफ्ट के प्रकरण पर चर्चा करते हुए उक्त जोनल डवलपमेंट प्लान ड्राफ्ट को आपत्तियों एवं सुझावों के लिए जारी करने की सहमति प्रदान की गई। बैठक में आयुक्त कमर चौधरी, एडीएम तृतीय आरएस डेलू, जेडीए सचिव हरभान मीणा, उप आवासन आयुक्त प्रथम राजस्थान हाउसिंग बोर्ड एसके सैनी, द्वितीय आरएस भाटी, अतिरिक्त मुख्य अभियन्ता पीडब्ल्यूडी मुकेश भाटी व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
-----------
सड़कों का नामकरण व प्रतिमाएं लगाने के प्रस्ताव पास
जोधपुर।
नगर निगम दक्षिण की कार्यपालक समिति की बैठक महापौर वनीता सेठ की अध्यक्षता में हुई। महापौर सेठ ने बताया कि बैठक में शहर की सड़कों के नामकरण का प्रस्ताव पारित किया गया। इसमें समाजसेवी माधव सिंह कच्छवाह, भागीरथ शर्मा और मेजर दलपत सिंह के नाम से सड़क के नामकरण का प्रस्ताव पारित किया गया। कार्यपालक समिति ने शौर्य चक्र विजेता स्वर्गीय संग्राम सिंह की आदम कद प्रतिमा और समाजसेवी दामोदर बंग की प्रतिमा लगाने का भी प्रस्ताव पारित किया गया। यह दोनों प्रतिमाएं गौरव पथ पर लगाई जाएगी। बैठक में उपमहापौर किशन लड्ढा, आयुक्त दक्षिण अरुण कुमार पुरोहित, अतिरिक्त आयुक्त राकेश कुमार सहित अन्य मौजूद थे।
Published on:
14 Sept 2021 01:36 am
