
Drinking water crisis : अपनी सरकार के प्रशासन पर राशन पानी लेकर चढ़े कांग्रेस के पार्षद!
पेयजल समस्या को ले कलक्टर से दखल की फरियाद
पीपाड़सिटी (जोधपुर). कस्बे में पेयजल की मारामारी से आहत कांग्रेस पार्षदों ने सोमवार को अपनी ही सरकार के प्रशासन पर भड़ास निकालते हुए गहलोत की छवि को खराब करने का आरोप लगाते हुए जलापूर्ति व्यवस्था सुधारने के लिए जिला कलक्टर से गुहार लगाई।
राजस्थान पत्रिका की ओर से रविवार को फ़ोटो स्टोरी में पीपाड़सिटी में पेयजल को लेकर मारा मारी के प्रकाशित समाचार में बिगड़ती पेयजलापूर्ति की ओर ध्यानाकर्षित किया, तो पालिका में सत्तारूढ़ कांग्रेस के पार्षद प्रतिनिधिमंडल की नींद उड़ गई।
पार्षद मंसूरअली, नरेंद्र कुलदीप, मोहनलाल मेघवाल, मुज्जफर खलीफा, नरेंद्र शर्मा, नरसिंह टाक, पूर्व पार्षद सत्यनारायण मालाणी, बक्शाराम कच्छवाह, मो. हुसैन डायर, राजू खोखर सहित अन्य जलदाय भवन आ धमके।
जलदाय विभाग के सहायक अभियंता अखिलेश मीणा पर जमकर भड़ास निकाली। इससे पहले भाजपा नगर मंडल ने भी गत जनसुनवाई में शहरी पेयजल समस्या को लेकर आवाज़ उठाई तब भी प्रशासन ने इस समस्या से अपना पल्ला झाड़ लिया था।
बताए शहर के हालात
इन पार्षदों ने बताया कि पिछले छह माह से शहरी क्षेत्र में पानी की सुचारू सप्लाई नहीं किए जाने से नागरिकों में आक्रोश है तथा चारों ओर पानी के लिए त्राहि-त्राहि है। क्लोजर का बहाना बनाकर 10 दिन में एक बार पेयजल आपूर्ति की जा रही है।
इससे लोग गर्मी में पानी के लिए भटक रहे हैं। इसके साथ महंगे दामों में पानी के टैंकर डलवाने पड़ रहे है। कई क्षेत्र तंग गलियों में है। पानी के टैंकर नहीं पहुंच पाने से उसे क्षेत्र के लोगों को सर्वाधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। कहीं 12 दिन, कहीं 8 दिन तो कहीं 5 दिन में एक बार सप्लाई की जाती है जो गलत है। कोई क्लोजर नहीं है अब क्लोजर के बहाने पानी की सप्लाई नहीं रोकी जा सकती है।
कलक्टर से दखल की मांग
कांग्रेस पार्षद दल ने इसके बाद उपजिला मुख्यालय के समक्ष प्रशासन के विरुद्ध प्रदर्शन कर तहसीलदार वीरेन्द्रसिंह को जिला कलक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें अधिकारियों पर जानबूझकर राज्य की सरकार की छवि खराब करने का आरोप लगाए हुए कलक्टर से दखल का आग्रह किया।
जनहित में स्थाई लोक अदालत में पेयजल समस्या को ले जाने की चेतावनी भी दी। ज्ञापन में पालिका उपाध्यक्ष अफसाना भाटी, पार्षद संतोष कुमार, सुमित्रा कच्छवाह, तारा खीची के भी हस्ताक्षर थे। दूसरी तरफ जलदाय विभाग के सहायक अभियंता अखिलेश मीणा ने कांग्रेस पार्षदों से दांतीवाड़ा पम्पिंग स्टेशन से पन्द्रह घण्टे की नियमित जलापूर्ति कराने का आग्रह करते हुए इसके लिए उच्च स्तरीय प्रयास की आवश्यकता जताई।
इन्होंने कहा
राज्य सरकार पारदर्शी है, लेकिन जलदाय विभाग के अधिकारी व कार्मिक सही कार्य नहीं कर रहे है। सैकड़ों शिकायतों के बावजूद भी उनके रवैये में सुधार नहीं होना भी पेयजल समस्या का मुख्य कारण है।
-मंसूर अली छींपा,पार्षद।
पीपाड़सिटी में पेयजल समस्या के त्वरित समाधान के लिए उच्चाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा हैं।
हीराराम मेघवाल, विधायक।
Published on:
20 Jun 2022 07:06 pm
