
चालक ने घर में छुपाए थे रुपए, परिजन मुकरे, तलाशी में मिले 17.50 लाख रुपए
जोधपुर।
बासनी थाना पुलिस ने हड्डी मील में गैस परिवहन करने वाली ट्रांसपोर्ट कम्पनी के ऑफिस से 22.50 लाख रुपए व कार चोरी करने के मामले में शनिवार को चालक के मकान में दबिश दी और 17.50 लाख रुपए बरामद किए। कार व चालक अभी तक पकड़े नहीं जा सके हैं।
थानाधिकारी जितेन्द्रसिंह ने बताया कि हड्डी मील के पास अग्रवाल इण्डस्ट्रीज कॉर्पोशन नामक गैस परिवहन करने वाली कम्पनी के ऑफिस से कार चालक ने गुरुवार को कार चुरा ली थी। कार में एक बैग में रखे 22.50 लाख रुपए भी चालक चुरा ले गया था। इस संबंध में चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस चालक सुरेन्द्रसिंह पुत्र शक्तिसिंह के पाल रोड पर गायत्री नगर मकान में पहुंची, लेकिन परिजन ने चालक के घर न आने की जानकारी दी। इससे एकबारगी पुलिस रवाना हो गई, लेकिन सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से सामने आया कि चालक वारदात के बाद घर पहुंचा था और फिर भूमिगत हो गया था।
इस पर पुलिस ने मकान की तलाशी ली। चालक का पता तो नहीं लगा, लेकिन तलाशी में 17.50 लाख रुपए मिल गए। जो मालिक की कार के साथ चुराए 22.50 लाख रुपए में शामिल थे। पुलिस ने परिजन से चालक के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन अभी तक चालक का पता नहीं लग पाया है। 17.50 लाख रुपए बरामद किए गए हैं।
Published on:
16 Dec 2023 11:37 pm
