
सड़क पर बजरी खाली कर डम्पर भगाया, बिजली के तार टूटे
जोधपुर.
बनाड़ थानान्तर्गत डिगाड़ी में तेज रफ्तार व लापरवाही से आए बजरी से भरे डम्पर ने पुलिस के पीछा करने पर सड़क के बीचों-बीच बजरी खाली की और फिर बिजली के कई तार तोड़कर भगा ले गया। रजिस्ट्रेशन नम्बर के आधार पर डम्पर चालक के खिलाफ आमजन की जान जोखिम में डालने का मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार शिकारगढ़ मिनी मार्केट की तरफ से बजरी से भरे एक डम्पर के तेज रफ्तार व लापरवाही से आने की सूचना मिली। डिगाड़ी चौकी के कांस्टेबल महेशचंद, सूरजाराम सुथार व प्रकाश ने शिकारगढ़ मिर्नी मार्केट की तरफ से आने वाली रोड पहुंचे, जहां तेज रफ्तार व लापरवाही से डम्पर आता नजर आया। पुलिस ने सड़क पर नुकीली कीलों का पट्टा रख उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक डम्पर को तेज रफ्तार से भगाने लगा। टायर में फंसने से कीलों का पट्टा भी डम्पर के साथ चला गया। जो बाद में बीच सड़क पर मिला। टायर पंक्चर होने के बावजूद चालक बजरी खाली करते हुए डम्पर भगा ले गया। प्रेम नगर की गलियों में डम्पर से बिजली के कई तार भी टूट गए।
Published on:
31 May 2021 01:27 am
