
महामारी से महामुकाबला- प्लाज्मा व रक्तदान के माध्यम से जीवनदान देने का कर रहे प्रयास
जोधपुर. शहर में बढ़ते कोरोना संकट के बीच बढ़ती जा रही प्लाज्मा व रक्त की मांग की पूर्ति के लिए प्रयास कर रही लाल बूंद जिंदगी रक्षक सेवा संस्थान की ओर से कंट्रोल रूम स्थापित कर व्यस्था की जा रही है। इस दौरान कोरोना मरीजों के लिए प्लाज्मा डोनेशन, थेलेसिमिया मरीजों के लिए रक्तदान व प्रसूताओं तथा अन्य आपातकालीन स्थितियो में भी लाइव रक्तदान करवाया जा रहा है। संस्थान राष्ट्रीय अध्यक्ष रजत गौड़ व कैलाश जैन ने बताया कि कोविड प्लाजमा व रक्तदान की पूर्ति सुनिश्चित करवाने के लिए संस्थान कार्यालय में 24 × 7 कंट्रोल रूम स्थापित किया हुआ है। जिसके माध्यम से प्लाज्मा व रक्तदान की जरूरतों को पूरा किया जा रहा है। प्लाज्मा के साथ-साथ रक्त की भी शहर में भारी कमी के चलते थेलेसिमिया मरीजो को भी रक्त के लिए भटकना पड़ रहा है, संस्थान की ओर से लाइव डोनर भिजवाकर रक्त की व्यवस्था करवाई जा रही है। संस्थान सचिव रवि तिवाड़ी ने बताया कि जहां एक और टीम लाल बूंद प्लाज्मा डोनेशन के लिए निरंतर प्रयासरत है, वहीं दूसरी और अब लोगों के साथ कोविड गाइड लाइन की पालना के लिए जागरूकता अभियान को तेज किया गया है। तिवाड़ी ने बताया कि लोगों से सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मास्क अनिवार्य रूप से पहनने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसके साथ ही अनावश्यक घर से बाहर नहीं निकलने, भीडभाड वाले इलाके में नहीं जाने व सेनेटाइजर का उपयोग करने सहित कई जानकारियां दी जा रही हैं।
Published on:
30 Apr 2021 06:51 pm
