
11 हजार केवी लाइन को घरेलू के साथ जोड़ा, सात घरों में दौड़ा करंट, दो झुलसे
लोहावट (जोधपुर). रुपाणा-जैताणा ग्राम पंचायत के महासतीनगर में जोधपुर डिस्कॉम ठेकेदार की लापरवाही के चलते 11 हजार केवी की विद्युत लाइन को घरेलू लाइन के मिनी ट्रांसफार्मर के ऊपर जोड़ देने से शुक्रवार रात को 7 घरों में करंट दौड़ गया। वही करंट से एक महिला व पुरुष झुलस गए।
गनीमत रही कि करंट से कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना पर डिस्कॉम कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पंसस प्रतिनिधि सिरदाराराम चौधरी ने बताया कि महासतीनगर में शुक्रवार को डिस्कॉम ठेकेदार ने नई 11 हजार केवी की लाइन रावत धोरा जीएसएस से खीची। इस दौरान ठेकेदार के अकुशल श्रमिकों ने मिनी ट्रांसफार्मर को घरेलू विद्युत लाइन से जोड़ दिया।
रात करीब 9 बजे जीएसएस से विद्युत आपूर्ति शुरु करने के साथ इस मिनी ट्रांसफार्मर से जुड़़े 7 घरों में करंट दौड़ गया। करंट से स्वीच बंद करने के दौरान सोनीदेवी पत्नी टीकूराम एवं घमुराम पुत्र आदूराम को झटके लगे तथा झुलस भी गए। वही संयोग रहा कि 7 घरों में करंट दौडऩे से कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना पर डिस्कॉम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा विद्युत लाइन के दुरस्तीकरण का कार्य प्रारंभ किया।
घरों में मची अफरातफरी
रुपाणा-जैताणा में घरों में करंट के दौडऩे से ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई तथा लोग घबरा गए। जिस समय घरों में करंट दौड़ा तब ग्रामीण अपने घरेलू कार्यो में व्यस्त थे। हाइवॉल्टेज से घरों में विद्यु़त उपकरणों से धुआं उठने लगा तथा जलने लग गए। इससे महिलाएं व बच्चे घबरा गए तथा घरों से बाहर की और दौड़ पड़े। बाद में ग्रामीणों को मिनी ट्रांसफार्मर के ऊपर चिंगारियां नजर आई। ग्रामीणों ने दौडकऱ विद्युत लाइनों को अलग किया। बाद में डिस्कॉम को सूचना दी गई।
इन घरों में हुआ नुकसान
महासतीनगर में मोहनराम पुत्र पत्तुराम जाट, आदूराम पुत्र हीराराम, टीकूराम पुत्र प्रभुराम, घमुराम पुत्र आदूराम, पप्पूराम पुत्र सुरजनराम, तुलछाराम पुत्र सुरजनराम, चनणाराम पुत्र आईदानराम जाट के घरों में करंट दौड़ा। इनके यहां पर फ्रिज, टीवी, कूलर, चक्की, बल्ब, स्वीच बोर्ड, पंखे व एमसीबी सहित कई घरेलू इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए। इससे लाखों रुपए का नुकसान हो गया।
Published on:
11 Aug 2019 12:10 am
