
दीमक बने भू-माफिया, कहीं चट करने के लिए अभियान न बन जाए सहारा
फलोदी (जोधपुर). शहर की बेशकीमती जमीन को चट करने के लिए भू-माफिया एक बार फिर दीमक बन गए हैं। प्रशासन शहरों के संग अभियान को सहारा व राजनीतिक पहुंच के जनप्रतिनिधियों की सिफारिश के दम पर करोड़ों रुपए कीमत की जमीन को चट करने की तैयारी में जुट गए हैं।
प्रशासन शहरों के संग अभियान से पूर्व ही शहर की चारों दिशाओं में धड़ल्ले से अतिक्रमण होने लगे हैं। गत दो महिनों में फलोदी में पांच सौ से अधिक अतिक्रमण किए जा चुके हैं और अभी भी अतिक्रमण करने का सिलसिला जारी है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि जिम्मेदारों ने मिलीभगत की तो दो अक्टूबर से आयोजित प्रशासन शहरों के संग अभियान में इस बार शहर के आस-पास की सारी जमीन भू-माफिया की भेंट चढ़ सकती है।
वोट बैंक बचाने के चक्कर में विरोध नहीं कर पा रही पार्टियां
फलोदी शहर में बढ़ रहे अतिक्रमण का सबसे बड़ा कारण वोट बैंक को बचाना भी सामने आया है। फलोदी में सक्रिय राजनीतिक पार्टियां अपने-अपने हितों व वोट बैंक ना टूटे इसलिए शहर में बढ़ रहे अतिक्रमण के खिलाफ खुलकर आवाज नहीं उठा पा रही है।
यहां धड़ल्ले से अतिक्रमण
- फलोदी-पोकरण रोड पर चुंगी नाका से वृन्दावन धाम कॉलोनी तक।
- पदमसिंह भोमिया मंदिर के पीछे, एयरफोर्स रोड से झील तक।
- लक्ष्मीपुरा स्थित गौशाला स्कू ल के पीछे सैन कॉलोनी के पास।
- राणीसर सरोवर की पाळ व तालाब की आगोर पर।
- खसरा नम्बर 628 बरसाती नदी बहाव क्षेत्र पर।
- मलार रोड पर बरकत कॉलोनी से आगे।
- केशव कुटिया से आगे की रोड पर।
- इन्द्रा व राजीव कॉलोनी।
- संजय नगर के पीछे नदी के बहाव क्षेत्र पर।
- शिवसर रोड से टेकरी वाले हनुमान मंदिर तक।
- सीमाजन कल्याण समिति गोशाला से मोहरा गांव के सड़क मार्ग पर।
- जोधपुर चौराहा से राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे की सड़क पर।
- मोहन छंगाणी कॉलोनी से आगे तक।
- फलोदी- लोर्डिय़ां मार्ग पर अतिक्रमण की बाढ़ सी आ गई है।
पंजा चलाने से कतरा रहे जिम्मेदार
फलोदी में इन दिनों हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ फलोदी के सामाजिक कार्यकर्ता आवाज उठा रहे है, लेकिन जिम्मेदार राजनीतिक दबाव में कार्यवाही करने से कतरा रहे हैं। अभी कुछ माह पूर्व तालाब की आगोर, गोचर व नदी के बहाव क्षेत्र पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने के प्रयास किए, लेकिन जनप्रतिनिधियों ने जनसुनवाई के दौरान भू-माफिया की मांग पर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही स्थगित करवा दी। जिसके बाद यहां अतिक्रमण की बाढ़ आ गई है, वहीं पॉस कॉलोनी में से एक लक्ष्मीपुरा में नगरपालिका की जमीन का बोर्ड हटाकर भू-माफिया ने अतिक्रमण कर लिया है। हद तो तब हो गई, जब अतिक्रमियों ने आवागमन के रास्ते पर भी पट्टियां खड़ी कर आवागमन का रास्ता ही बंद कर दिया।
इन्होंने कहा
प्रशासन शहरों के संग अभियान दो अक्टूबर से शुरु हो रहा है, ऐसे में कईं जगहों से अतिक्रमण होने की शिकायतें भी आ रही है। जो व्यक्ति अतिक्रमण कर रहे हैं, उन्हें पट्टे नहीं दिए जाएंगे और अतिक्रमण हटाए जाएंगे। पट्टे जारी करने की प्रक्रिया ऑनलाइन है, जिसमें पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी। आवश्यक व चाहे गए दस्तावेज पूरे होने और पूर्व में हुए सर्वे में नाम, मतदाता सूची में नाम, नक्शा, आस-पड़ौस के व्यक्ति के शपथ पत्र पेश करने पर ही पट्टे जारी होंगे।
- अनिल कुमार विश्नोई, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका फलोदी
शहर में बढ़ रहे अतिक्रमण चिन्ता का कारण
फलोदी शहर में इन दिनों जिस तरीके से अतिक्रमण बढ़ रहे हैं, वह चिन्ता का बड़ा कारण है। जिला कलक्टर को अवगत करवाया है। भू-माफिया शहर में तालाबों की आगोर, तालाबों की पाल, गोचर व नदी के बहाव क्षेत्र पर अतिक्रमण कर नुकसान पहुंचा रहे है।
- हेमन्त थानवी, आरटी आई कार्यकर्ता फलोदी जोधपुर
Updated on:
17 Sept 2021 10:31 am
Published on:
17 Sept 2021 10:31 am
