
दो दशक बाद, चार किलोमीटर भूमि से हटाए अतिक्रमण!
बेलवा (जोधपुर). बेलवा खत्रियां गांव के गैर मुमकिन पहाड़ी क्षेत्र में अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों की शिकायत के बाद गुरुवार को आखिरकार गैर मुमकिन पहाड़ी क्षेत्र से करीब दो दशक बाद अतिक्रमण हटाया गया। उपखंड अधिकारी मनोज खेमादा एवं बालेसर तहसीलदार व प्रशिक्षु आइएएस सोहनलाल पुलिस बल के साथ बेलवा खत्रियां गांव पहुंचे।
उल्लेखनीय है कि गत वर्षों में भूमाफिया ने सरकारी जमीन बेलवा खसरा संख्या 1952 व मनोहरसिंह नगर 1168 में बाड़े बनाकर, पत्थर डालकर, कच्चे व पक्के छप्परे बनाने के साथ अतिक्रमण करते हुए जमीन पर फसलों की बुवाई कर डाली।
संपर्क पोर्टल पर शिकायत के बाद प्रशासन ने अतिक्रमियों को बेदखली के नोटिस थमा दिए थे। उसके बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने पर प्रशासन ने टीम गठित कर कार्रवाई को अंजाम दिया।
बेलवा खत्रियां गांव के गैर मुमकिन पहाड़ी क्षेत्र के सरकारी खसरा संख्या 1952 व ग्राम मनोहरसिंह नगर में खसरा संख्या 1168 में गुरुवार सुबह अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। पहाड़ी क्षेत्र में भूमाफिया ने छपरे, कच्चे निर्माण हटाते हुए अतिक्रमण मुक्त किया। जेसीबी से अतिक्रमण हटाकर ट्रैक्टरों से मलबा हटाया।
प्रशासन के अनुसार पत्थर के बड़े ब्लॉक की नीलामी की जाएगी। सीओ राजूराम चौधरी व थानाधिकारी समरवीरसिंह के साथ अतिक्रमण हटाने में कोई विरोध देखने को नहीं मिला। बेलवा राजकीय स्कूल के पीछे की तरफ रावलगढ़ सरहद तक कुछ किलोमीटर तक किए कब्जों को हटाकर प्रशासन ने अतिक्रमियों को पाबंद किया है।
वहीं मनोहरसिंह नगर में भी मौके पर जाकर कब्जा हटाने के लिए पाबंद किया है। अतिक्रमण हटाने के दौरान आरआइ मोहनलाल सूत्रकार, घनश्याम ओझा, शिवशंकर, हल्का पटवारी माधोसिंह, महिराम, राजेन्द्रसिंह सहित राजस्व विभाग के कार्मिक मौजूद रहे। माफिया के हौंसले इतने बुलंद थे कि अतिक्रमण के साथ जमीन पर फसलों की बुवाई कर दी। अतिक्रमण हटाने के दौरान फसलों वाले स्थानों की बाड़ को हटा लिया है।
प्रशिक्षु आइएएस सोहनलाल ने बताया कि अतिक्रमण कर सरकारी जमीन पर फसलों की बुवाई की है उसकी नीलामी की जाएगी। पत्थरों को भी नीलाम किया जाएगा। प्रशासन ने 50 से अधिक अतिक्रमण हटाए।
Published on:
17 Sept 2021 10:49 am
