
fire in jodhpur, fire in bank, fire in building, jodhpur news, jodhpur news in hindi
जोधपुर. शहर के न्यू पॉवर हाउस रोड पर सोमवार को भीषण आग की चपेट में आई बैंक ऑफ इण्डिया की शाखा का काम मंगलवार को चौपासनी रोड स्थित डालडा बिल्डिंग में स्थानांतरित कर दिया गया। शाखा प्रबंधन ने ग्राहकों को हो रही असुविधा के लिए खेद जताते हुए बैंक के बाहर इस आशय की सूचना चस्पा की है। लेकिन बैंक में लॉकर सुविधा लेने वाले ग्राहक चिंतित हैं। बुधवार से त्योहारी सीजन शुरू हो रहा है और बैंक शाखा आग की चपेट में आ गई। हालांकि आग से बैंक को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है, लेकिन बैंक की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बाधित है। बैंक बंद रहने से ग्राहक लॉकर से आभूषण व कीमती सामान नहीं निकाल पा रहे हैं। आग की घटना के दूसरे दिन मंगलवार सुबह बैंक के खुलने के समय कई ग्राहक न्यू पावर हाउस रोड पहुंचे तो बैंक बंद और बाहर सूचना चस्पा मिली। सूचना के अनुसार इस बिल्डिंग में बैंक की सेवा सुचारू होने में काफी समय लगेगा। बैंक ने ग्राहकों को चौपासनी रोड पर डालडा बिल्डिंग और आखलिया चौराहा स्थित प्रतापनगर शाखा में सम्पर्क करने आग्रह किया है।
Published on:
10 Oct 2018 02:30 pm
